अरंडी का उत्पादन 20 लाख टन से ऊपर पहुंचने का अनुमान
12-Mar-2026 01:50 PM
नई दिल्ली। गुजरात और राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में गत वर्ष खरीफ सीजन के दौरान अरंडी की अच्छी बिजाई हुई थी और मौसम तथा वर्षा की स्थिति भी फसल के लिए काफी हद तक अनुकूल बनी रही थी।
इसे देखते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के मौजूदा सीजन में अरंडी का घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़कर 20.49 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 17.86 लाख टन से काफी अधिक है।
इससे पूर्व 2023-24 के सीजन में 19.59 लाख टन, 2022-23 में 19.80 लाख टन और 2021-22 के सीजन में 16.19 लाख टन अरंडी का घरेलू उत्पादन सरकरी तौर पर आंका गया था।
भारत दुनिया में अरंडी का सबसे प्रमुख उत्पादक तथा अरंडी तेल एवं मील का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। राजस्थान और गुजरात में अरंडी की भारी आवक हो रही है जिससे इसकी क्रशिंग-प्रोसेसिंग की गति तेज हो गई है। आंध्र- तेलंगाना में फसल पहले ही आ चुकी है।
