अप्रैल-दिसम्बर के दौरान देश से कुल निर्यात में 6.03 प्रतिशत की वृद्धि

16-Jan-2025 01:36 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल से दिसम्बर 2024 के दौरान देश से वाणिज्यिक वस्तुओं एवं सेवाओं का कुल निर्यात बढ़कर 602.64 अरब डॉलर पर पहुंच गया जो वर्ष 2023 की समान अवधि के निर्यात 568.36 अरब डॉलर से 6.03 प्रतिशत अधिक रहा।

समीक्षाधीन अवधि में व्यापारिक वस्तुओं का कुल निर्यात 316.65 अरब डॉलर से 1.6 प्रतिशत सुधरकर 321.71 अरब डॉलर पर पहुंचा।

गैर पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात दिसम्बर 2024 में 33.09 अरब डॉलर दर्ज किया गया जो दिसम्बर 2023 के निर्यात 31.50 अरब डॉलर से 5.05 प्रतिशत ज्यादा था।

इसी तरह गैर पेट्रोलियम उत्पादों का सकल निर्यात अप्रैल-दिसम्बर 2024 में बढ़कर 272.70 अरब डॉलर हो गया जो अप्रैल-दिसम्बर 2023 के निर्यात 254.74 अरब डॉलर से 7.05 प्रतिशत ज्यादा रहा।

इसी तरह पेट्रोलियम पदार्थों एवं गहने-जेवरातों तथा कीमती पत्थरों को छोड़कर अन्य वाणिज्यिक वस्तुओं- सामानों का निर्यात भी दिसम्बर 2023 के 28.60 अरब डॉलर से 8.25 प्रतिशत बढ़कर दिसम्बर 2024 में 30.96 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार वाणिज्यिक वस्तुओं के निर्यात में दिसम्बर 2024 के दौरान जिन खास उत्पादों-सामानों का प्रमुख योगदान रहा उसमें इलेक्ट्रॉनिक सामान, इंजीनियरिंग सामान, चावल, सभी टेक्सटाइल के रेडीमेड गारमेंट्स, कॉटन यार्न, फैब्रिक्स, मेड अप्स तथा हैंडलूम के उत्पाद आदि शामिल हैं।

दिसम्बर 2024 में चावल का निर्यात उछलकर 1.43 अरब डॉलर की ऊंचाई पर पहुंच गया जो दिसम्बर 2023 के निर्यात 87 करोड़ डॉलर से 64.03 प्रतिशत अधिक रहा।

इसी तरह कॉटन यार्न एवं फैब्रिक्स आदि का निर्यात भी 94 करोड़ डॉलर से करीब 12 प्रतिशत बढ़कर दिसम्बर 2024 में 1.05 अरब डॉलर पर पहुंचा।

दिसम्बर 2024 में देश से कुल निर्यात 70.67 अरब डॉलर रहा और दिसम्बर 2023 के निर्यात से करीब 1 प्रतिशत ज्यादा था। इसी अवधि में वस्तुओं एवं सेवाओं का आयात भी 6.40 प्रतिशत बढ़कर 77.44 अरब डॉलर पर पहुंच गया।