अमरीका को कॉटन उत्पादों के निर्यात में चीन से आगे निकला भारत

12-Mar-2026 11:58 AM

मुम्बई। वर्ष 2025 में भारत चीन को पीछे छोड़ते हुए अमरीका कॉटन उत्पादों का सबसे प्रमुख निर्यातक देश बन गया। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) के नवीनतम वैश्विक बाजार विश्लेषण (रिपोर्ट) से पता चलता है कि वर्ष 2025 के दौरान अमरीका में चीन से कॉटन उत्पादों का आयात घटकर 5 लाख टन के करीब रह गया

जबकि भारत से आयात बढ़कर 6 लाख टन के आसपास पहुंच गया। इसके साथ ही भारत अमरीका को कॉटन उत्पादों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बन गया। इसमें कपड़े, वस्त्र परिधान एवं कॉटन से निर्मित अन्य उत्पाद शामिल हैं। 

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी कम्पनियां चाइनीज उत्पादों के आयात पर निर्भरता घटाने का प्रयास कर रही हैं जिससे भारत सहित अन्य आपूर्तिकर्ता देशों को अमरीकी बाजार में अपनी भागीदारी बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल रहा है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि वर्ष 2025 के दौरान अमरीका में कॉटन उत्पादों का आयात कुल मिलाकर 33 लाख टन पर स्थिर बना रहा जो 15 वर्षीय औसत के बराबर ही था लेकिन विभिन्न आपूर्तिकर्ता देशों से इसके आयात की मात्रा में बदलाव हो गया। 

ध्यान देने की बात है कि वर्ष 2025 के दौरान अमरीका ने चाइनीज उत्पादों पर आयात शुल्क में अनेक बार वृद्धि की घोषण की थी जिसका दायरा 10 से 125 प्रतिशत के बीच रहा।

यद्यपि अन्य देशों पर भी अमरीका ने भिन्न-भिन्न स्तर का टैरिफ लगाने की घोषणा की लेकिन इसकी दर चाइनीज उत्पादों पर लगाए उच्चतम टैरिफ के स्तर की तुलना में 50 प्रतिशत (आधी) से भी कम रही।

भारतीय उत्पादों पर अधिकतम 50 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाया गया जिसे अब घटाकर 18 प्रतिशत नियत किया गया है।