अगस्त-नवम्बर के दौरान कनाडा से 13 लाख टन मटर का निर्यात

21-Jan-2025 03:25 PM

वैंकुवर । आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में शुरूआती चार महीनों यानी अगस्त-नवम्बर 2024 के दौरान कनाडा से करीब 13 लाख टन मटर का निर्यात हुआ जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट से लगभग 30 प्रतिशत अधिक रहा।

भारत इसका सबसे बड़ा खरीदार रहा जिसने अकेले 50 प्रतिशत से ज्यादा करीब 7 लाख टन मटर का आयात किया। इसके बाद 3 लाख टन के आयात के साथ चीन दूसरे नम्बर पर रहा।

सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से कुल 24 लाख टन मटर के निर्यात का अनुमान लगाया गया है। कनाडा में मटर की आपूर्ति एवं उपलब्धता में थोड़ी वृद्धि हुई है मगर उसे वैश्विक निर्यात में रूस की सख्त प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। 

यद्यपि कनाडा में मटर का पिछला बकाया स्टॉक कम था मगर बेहतर उत्पादन के कारण  कुल उपलब्धता में थोड़ी वृद्धि हुई है। निर्यात लगभग स्थिर रहने की संभावना है इसलिए कीमतों पर पूरे सीजन के दौरान दबाव रह सकता है।

भारत सरकार ने पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दी है। कनाडा में मटर का औसत मूल्य 2023-24 सीजन से नीचे यानी 425 डॉलर प्रति टन रहने का अनुमान लगाया गया है।

पीली मटर की तुलना में हरी मटर का भाव 195 डॉलर प्रति टन ऊंचा रहने की उम्म्मीद है। पिछले सीजन में यह मूल्यान्तर 185 डॉलर प्रति टन रहा था। 

उधर अमरीका में मटर का उत्पादन 7 प्रतिशत बढ़कर 7.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जिससे वहां कनाडा से इसका आयात घटकर 1.40 लाख टन के करीब सिमट सकता है।

जहां तक 2025-26 के आगामी सीजन का सवाल है तो कनाडा में मटर का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 13.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

इसके फलस्वरूप मटर का कुल उत्पादन भी 2 प्रतिशत सुधरकर 31 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि कुल उपलब्धता 34 लाख टन पर पहुंच सकती है।

निर्यात अनुमान में कोई वृद्धि नहीं की गई है इसलिए बकाया अधिशेष स्टॉक कुछ बढ़ सकता है। कीमतों पर आगे भी दबाव बरकरार रहने के आसार हैं।