Home News

अगले साल तक अल नीनो का प्रभाव बरकरार रहने की संभावना

24-Sep-2026 05:39 PM

अगले साल तक अल नीनो का प्रभाव बरकरार रहने की संभावना

नई दिल्ली। अल नीनो मौसम चक्र लगातार मजबूत एवं ताकतवर होता जा रहा है और यह वर्ष 2027 की पहली तिमाही तक असरदार रह सकता है। इधर दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के पश्चिमोत्तर भाग से प्रस्थान करने लगा है।

भारत के पूर्वी एवं मध्यवर्ती राज्यों में मानसून के अंतिम सप्ताह में जोरदार बारिश होने की संभावना है। पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत में वर्षा की स्थिति में सर्वाधिक सुधार आया है। वहां वर्षा की कमी पिछले सप्ताह के 29 प्रतिशत से गिरकर अब 27 प्रतिशत रह गई है जबकि आगामी समय में यह और भी नीचे आ सकती है। उधर दक्षिणी प्रायद्वीप में भी वर्षा की हालत में कुछ सुधार आया है और वहां इसकी कमी 28 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत रह गई है। हाल के दिनों में वहां बारिश हुई है। 

सामान्य औसत के मुकाबले वर्षा की कमी देश के मध्यवर्ती क्षेत्र में 6 प्रतिशत के आसपास बरकरार है और इसमें ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ है लेकिन पश्चिमोत्तर भारत में वर्षा की कमी 9 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत पर पहुंच गई। अखिल भारतीय स्तर पर बारिश की कमी 15 प्रतिशत पर कायम है।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद एक पूर्ण व्यवस्थित कम दाब का क्षेत्र पूर्वी तटवर्ती इलाकों की ओर बढ़ गया है जिससे पूर्वी एवं मध्यवर्ती राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। इससे वर्षा में कमी का अंतर घट सकता है।