Home News

खरीफ सीजन में 719.50 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य नियत

24-Sep-2026 03:51 PM

खरीफ सीजन में 719.50 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य नियत

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 2026-27 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करीब 719.50 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जो 482.40 लाख टन चावल के समतुल्य है। 2025-26 सीजन के लिए 720.50 लाख टन धान 1482.80 लाख टन चावल की खरीद का लक्ष्य निर्धारित हुआ था जबकि वास्तविक खरीद 810 लाख टन पर पहुंच गई थी। धान की खरीद 1 अक्टूबर से आरंभ हो जाती है। 

सरकार ने इस वर्ष पंजाब में 180 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है जो गत वर्ष के 173 लाख टन से ज्यादा है। दरअसल पंजाब में इस वर्ष धान का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 32.90 लाख हेक्टेयर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जो गत वर्ष के क्षेत्रफल 32.60 लाख हेक्टेयर से 30 हजार हेक्टेयर ज्यादा रहा। वहां मौसम एवं मानसून की हालत अनुकूल रहने से चालू खरीफ सीजन में धान का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है। 

आईग्रेन इंडिया के डायरेक्टर राहुल चौहान का कहना है कि पंजाब के किसान जानते हैं कि उसके धान का अधिकांश भाग केन्द्र सरकार द्वारा खरीदा जाएगा इसलिए वे इस फसल का रकबा बढ़ाने पर ज्यादा जोर देते हैं। पंजाब में सिंचाई की अच्छी सुविधा मौजूद है जबकि वर्षा पर आश्रित क्षेत्र का रकबा बहुत कम है इसलिए मानसून की बारिश में आने वाली कमी का वहां धान की फसल पर ज्यादा असर नहीं पड़ता है।

पिछले साल पंजाब में 173 लाख टन के नियत लक्ष्य की तुलना में धान की वास्तविक सरकारी खरीद 157 लाख टन तक ही पहुंच सकी जो 105 लाख टन चावल के समतुल्य रही। हालांकि 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान छत्तीसगढ़ में 109 लाख टन के निर्धारित लक्ष्य की तुलना में धान की वास्तविक खरीद बढ़कर 141 लाख टन पर पहुंच गई थी लेकिन केन्द्र सरकार ने इस बार भी धान की खरीद का लक्ष्य 109 लाख टन पर ही बरकरार रखा है जो 95 लाख टन चावल के समतुल्य माना जा रहा है। 

दूसरी ओर 2025-26 के मुकाबले 2026-27 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के लिए धान की खरीद का लक्ष्य तमिलनाडु में 19 प्रतिशत बढ़ाकर 28 लाख टन तथा आंध्र प्रदेश में 5 प्रतिशत बढ़ाकर 25 लाख टन नियत किया है।