अगले सीजन में मूंगफली का घरेलू उत्पादन 3 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान

04-Apr-2026 12:39 PM

नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) के विदेश कृषि सेवा (फास) के भारतीय कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने भारत में 2025-26 के मुकाबले 2026-27 के सीजन में मूंगफली का उत्पादन 3 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान लगाया है।

उस्डा पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि के दौरान भारत में मूंगफली का कुल उत्पादन क्षेत्र 56.20 लाख हेक्टेयर से 2 प्रतिशत बढ़कर 57 लाख हेक्टेयर के करीब पहुंच सकता है जिसमें खरीफ, रबी एवं जायद तीनों सीजन का रकबा शामिल है। 

इसके साथ-साथ उच्च क्वालिटी एवं बेहतर उत्पादकता वाले बीजों का अधिक प्रयोग होने पर मूंगफली की औसत उपज दर में कुछ सुधार आ सकता है। उस्डा पोस्ट ने गुजरात में मूंगफली का सकल उत्पादन 3 प्रतिशत बढ़कर 77.50 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।

वहां किसान कपास के बजाए मूंगफली की खेती में अधिक दिलचस्पी दिखा सकते हैं। गुजरात इन दोनों जिंसों का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है। 2025-26 के सीजन में किसानों को कपास की तुलना में मूंगफली की बिक्री से अधिक आमदनी हो रही है। इसका भाव ऊंचा है।