299 लाख टन दलहनों के उत्पादन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित

28-May-2024 08:17 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के लिए 299 लाख टन दलहनों के घरेलू उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है जो अत्यन्त महत्वाकांक्षी प्रतीत होता है।

ध्यान देने की बात है कि 2021-22 के सीजन में जब मानसून की अच्छी बारिश हुई थी तब दलहनों का घरेलू उत्पादन 273 लाख टन (सरकारी अनुमान) के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था

जो 2022-23 में घटकर 260.60 लाख टन एवं 2023-24 में लुढ़ककर 234.40 लाख टन पर सिमट गया। इस तरह 2024-25 सीजन का उत्पादन लक्ष्य 2023-24 के अनुमानित उत्पादन से करीब 65 लाख टन अधिक है। उत्पादन में एक मुश्त इतना इजाफा होना बहुत बढ़ी उपलब्धि होगी। 

इस 299 लाख टन से नियत लक्ष्य में 45 लाख टन अरहर (तुवर), 30.50 लाख टन उड़द, 42.50 लाख टन मूंग, 136.50 लाख टन चना तथा 16.50 लाख टन मसूर का संभावित उत्पादन शामिल है।

खरीफ सीजन में 95 लाख टन, रबी सीजन में 181.50 लाख टन तथा जायद सीजन में 22.50 लाख टन दलहनों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

उद्योग-व्यापार क्षेत्र का मानना है कि अगर यह उत्पादन लक्ष्य हासिल हो जाता है तो देश दलहनों के मामले में काफी हद तक आत्मनिर्भर हो जाएगा और विदेशों से इसके आयात की आवश्यकता काफी घट जाएगी।

केवल मसूर का उत्पादन घरेलू मांग एवं खपत से कम होगा जबकि तुवर का उत्पादन जरूरत के लगभग अनुरूप और मूंग, उड़द तथा चना का उत्पादन जरूरत से अधिक हो जाएगा। दलहनों का बाजार भाव ऊंचा चल रहा है इसलिए इसके बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकती है।