262 लाख टन से ऊपर पहुंचने के बाद गेहूं की सरकारी खरीद की गति धीमी

28-May-2024 06:24 PM

नई दिल्ली । राष्ट्रीय स्तर पर केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की सरकारी  खरीद पिछले सप्ताह ही 262.48 लाख टन पहुंच गई थी जो गत वर्ष की सम्पूर्ण खरीद 262 लाख टन से अधिक थी।

लेकिन अब मंडियों में एवं सरकारी क्रय केन्द्रों पर इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की आवक तेजी से घटती जा रही है। पंजाब में 25 मई को महज 6 हजार टन गेहूं की आवक हुई जबकि वहां 124 लाख टन से कुछ अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है लेकिन फिर भी यह 130 लाख टन के नियत लक्ष्य से काफी पीछे है।

हरियाणा में भी 71 लाख टन से कुछ अधिक गेहूं खरीदा गया है जो 80 लाख टन के नियत लक्ष्य से कम है। मध्य प्रदेश में खरीद की स्थिति बेहतर खराब मानी जा रही है जहां 80 लाख टन के निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अभी 50 लाख टन से भी कम गेहूं खरीदा जा सका है। हालांकि राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पिछले साल से अधिक गेहूं खरीदा गया है मगर वह नियत लक्ष्य से बहुत पीछे है।

उद्योग- व्यापार क्षेत्र के अनुसार एक तो गेहूं का वास्तविक घरेलू उत्पादन सरकारी अनुमान से काफी कम हुआ है और दूसरे, आगामी महीनों में बाजार भाव तेज होने की संभावना से बड़े-बड़े किसान इसका स्टॉक दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

इसे देखते हुए गेहूं की कुल वास्तविक सरकारी खरीद संशोधित लक्ष्य से करीब एक करोड़ टन पीछे छूट सकती है मगर घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो जाएगी।