उत्तम क्वालिटी के दलहन बीज का उत्पादन बढ़ाने पर जोर
08-Apr-2026 05:28 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने दलहन मिशन के अंतर्गत सभी राज्यों को उत्तम क्वालिटी एवं ऊंची दर वाले दलहन बीज का अधिक से अधिक उत्पादन करने के लिए कहा है ताकि किसानों को उचित दाम पर उसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। बीज उत्पादन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
इसके तहत तुवर के लिए 4500 रुपए प्रति क्विंटल (100 किलो), उड़द के लिए 2000 रुपए प्रति क्विंटल और चना के लिए 1800 रुपए प्रति क्विंटल के वित्तीय मदद का प्रावधान है जो किसानों को उच्च क्वालिटी के बीज का उत्पादन करने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान किया जाएगा।
बीजों की शृंखला में दलहन की नई-नई किस्मों की कड़ियों को तेजी से जोड़ने का जोरदार प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में राजस्थान में 79, गुजरात में 58 मध्य प्रदेश में 63 और महाराष्ट्र में 58 किस्मों के बीज की पहचान की जा चुकी है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार देश में 60 प्रतिशत से अधिक दलहन का उत्पादन चार राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान एवं गुजरात में होता है। इसके अलावा कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा एवं झारखंड सहित कुछ अन्य राज्यों में भी दलहनों का अच्छा उत्पादन होता है।
मध्य प्रदेश के नर्मदा पुरम, राजस्थान के झालावाड़ एवं टोंक, महाराष्ट्र के गढ़ चिरौली तथा गुजरात के जूनागढ़ जिले में दलहनों के उत्पादन का प्रदर्शन शानदार रहा है और इसलिए इन जिलों को मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि अन्य क्षेत्रों के किसानों को इससे प्रेरणा मिलें।
