लैटिन अमरीका में सोयाबीन की जोरदार कटाई जारी
08-Apr-2026 07:22 PM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देशों में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी विभिन्न चरणों में पहुंच चुकी है। सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई अधिकांश क्षेत्रों में पूरी हो गई है और अब केवल सुदूर दक्षिणी राज्य- रियो ग्रैंड डो सूल तथा कुछ पूर्वोत्तर प्रांतों में कहीं-कहीं कटाई जारी है।
ज्ञात हो कि ब्राजील में प्रचलित नियम के अनुसार किसानों को 15 मई तक हर हाल में सोयाबीन फसल की कटाई पूरी करनी पड़ती है क्योंकि 16 मई से वहां 'सोयाबीन मुक्त' अवधि शुरू हो जाती है। यह अवधि आमतौर पर मध्य सितम्बर तक जारी रहती है
और इस अवधि में यदि किसी किसान के खेत में सोयाबीन का एक भी जीवित पौधा पाया जाता है तो उसे जुर्माना देना पड़ता है। ब्राजील में इस वर्ष सोयाबीन का उत्पादन उछलकर सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।
ब्राजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में पिछले महीने से सोयाबीन फसल की जोरदार कटाई हो रही है और अब फसल काफी हद तक कट चुकी है। उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना दुनिया में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोयातेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है।
दक्षिण अमरीका महाद्वीप के दो अन्य देशों- उरुग्वे एवं पराग्वे में भी सोयाबीन का अच्छा उत्पादन होता है। वहां फसल की कटाई लगभग समाप्त हो चुकी है।
