Home News
24-Sep-2026 11:24 AM
रेगिना। बिजाई क्षेत्र में गिरावट आने तथा मौसम की हालत पूरी तरह फसल के लिए अनुकूल नहीं होने से कनाडा में मसूर का उत्पादन काफी घटने की संभावना है। फसल की कटाई-तैयारी के समय हुई असामयिक वर्षा से मसूर की क्वालिटी प्रभावित हुई है।
फसल की कटाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। वैसे कनाडा में मसूर का भारी-भरकम पिछला बकाया स्टॉक मौजूद होने से इसकी कुल उपलब्धता पिछले मार्केटिंग सीजन के लगभग बराबर ही रहने की उम्मीद है।
कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त-सस्कैचवान में मसूर का भाव मजबूत बना हुआ है। नम्बर 2 ग्रेड की लाल मसूर का दाम 25-26 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है जबकि नम्बर 2 क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य 25-27 सेंट प्रति पौंड के बीच बताया जा रहा है।
समीक्षकों के मुताबिक रूस से निर्यात प्रभावित होने तथा ऑस्ट्रेलिया में नए माल की आवक में देरी होने से कनाडा को फिलहाल मसूर का निर्यात बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल रहा है।
दिलचस्प तथ्य यह है कि अनेक खरीदार 2025 के पुराने स्टॉक के बजाए 2026 के नए माल वाली मसूर की खरीद को प्राथमिकता दे रहे हैं जिससे कीमतों में मजबूती का माहौल बना हुआ है। नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का दाम भी सुधरकर 22-23 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है। भारत में वहां से अच्छी मात्रा में मसूर का आयात किया जा रहा है।