उत्पादन घटने के कारण मेथी में तेजी की संभावना

14-May-2026 07:43 PM

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश एवं गुजरात के अलावा राजस्थान में भी मेथी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में कम होने के कारण इस वर्ष देश में मेथी की पैदावार गत वर्ष की तुलना में कम रहने के समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालू सीजन के दौरान देश में मेथी की बिजाई 1.15 लाख हेक्टेयर पर की गई है जोकि गत वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। बिजाई के पश्चात भी मौसम फसल के प्रतिकूल रहा जिस कारण से उत्पादन में कमी आई है। सूत्रों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान देश में मेथी का कुल उत्पादन 12/13 लाख क्विंटल ही हो पाएगा। जबकि गत वर्ष उत्पादन अनुमान 17/18 लाख क्विंटल लगाए गए थे। 

राज्यवार उत्पादन

कारोबारियों का मानना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में इस वर्ष मेथी का उत्पादन 7/8 लाख क्विंटल होने के अनुमान है जबकि गुजरात में 3/3.50 लाख क्विंटल एवं राजस्थान 2/2.50 लाख क्विंटल होने की संभावना है।

आवक घटी 

आमतौर पर अप्रैल माह के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नई मेथी की आवक जोरों पर होती थी लेकिन इस वर्ष अप्रैल माह के शुरुआती दौर में आवक बढ़ने के पश्चात अप्रैल अंत में आवक घटनी शुरू हो गई। वर्तमान में मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में आवक 1500/1800 बोरी, जावरा 1000/1200 बोरी की रह गई है। जबकि गुजरात की राजकोट मंडी में आवक 400/500 बोरी की चल रही है। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 400/500 बोरी की रह गई है। नौखा  मंडी में आवक 3000/3500 बोरी की हो रही है। 

भाव 

कमजोर आवक एवं लोकल स्टॉकिस्टों की बढ़ती मांग के कारण गत दिनों मध्य प्रदेश की मंडियों में मेथी के भाव 300/400 रुपया तेजी के साथ एवरेज क्वालिटी का भाव 6300/6800 रुपए प्रति क्विंटल हो गया था। लेकिन हाल ही में ऊंचे भावों पर मांग प्रभावित होने के कारण भाव 50/100 रुपए नरमी के साथ बोले जाने लगे है। 

अधिक मन्दा नहीं 

जानकारों का कहना है कि मेथी की वर्तमान कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि खपत की तुलना में कुल उपलब्धता कम रहेगी। सूत्रों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान 12/13 लाख क्विंटल की पैदावार के अलावा 2/3 लाख क्विंटल बकाया स्टॉक को मिलाकर कुल उपलब्धता 14/15 लाख क्विंटल की रहेगी। जबकि लोकल एवं निर्यात मांग को मिलाकर कुल आवश्यकता 18/20 लाख क्विंटल की रही है वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि चालू सीजन के दौरान मेथी के भाव रिकॉर्ड स्तर पर छू सकते हैं। वर्तमान में शार्टेक्स मेथी का भाव 69/70 रुपए प्रति किलो चल रहा है। जोकि मिडिल ईस्ट देशों में शांति के पश्चात निर्यात मांग आने पर भाव 95 रुपए का स्तर छू सकते है जोकि रिकॉर्ड भाव होगा। इससे पूर्व वर्ष 2016 में रिकॉर्ड भाव 92/93 रुपए प्रति किलो बना था। 

निर्यात

चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम दस माह में मेथी निर्यात में एक ओर जहां 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई वहीं निर्यात भाव कम मिलने के कारण आय में 2 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी रही। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जनवरी- 2026 में मेथी का निर्यात 40633 टन का किया गया और निर्यात से प्राप्त आय 304.97 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जनवरी- 2025 के दौरान 35907 टन का निर्यात किया गया था और प्राप्त आय 298.14 करोड़ की रही थी। वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान मेथी का कुल निर्यात 44516 टन का हुआ था। और निर्यात से प्राप्त आय 365.89 करोड़ की रही थी।