देश के कई भागों में वर्षा एवं हिमपात होने की संभावना
16-Mar-2026 08:20 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि हाल के दिनों में मौसम की हालत में तेजी से बदलाव हुए है।
गर्मी का मौसम जल्दी शुरू होने से देश के अनेक भागों में आगामी दिनों के दौरान तेज हवा के साथ बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
14 मार्च से इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। लेकिन देश के पूर्वी एवं पश्चिमोत्तर भाग में कहीं-कहीं तापमान ऊंचा रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 से 19 मार्च के बीच अरुणाचल प्रदेश, आसाम एवं मेघालय में बारिश होगी और 30 से 50 कि०मी० प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
इसी तरह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड एवं बिहार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में भी तेज हवा के साथ वर्षा होगी या बौछार पड़ेगी।
पश्चिमोत्तर क्षेत्र के पर्वतीय राज्यों में बारिश एवं ओलावृष्टि होगी जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में बौछार पड़ने की संभावना है।
