दिसम्बर से अप्रैल के दौरान 14.77 लाख टन पीली मटर के आयात का अनुमान
09-May-2024 11:01 AM
नई दिल्ली । केन्द्र सरकार द्वारा दिसम्बर 2023 के प्रथम सप्ताह में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दिए जाने के बाद देश में इसका भारी-भरकम आयात आरंभ हो गया।
आई ग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2023 से अप्रैल 2024 के दौरान देश में कुल मिलाकर करीब 14.77 लाख टन पीली मटर का आयात हुआ।
इसके तहत दिसम्बर 2023 से फरवरी 2024 के बीच 4.98 लाख टन, मार्च 2024 में 6.88 लाख टन तथा अप्रैल 2024 में 2.92 लाख टन का संभावित आयात शामिल हैं।
भारत में मटर का आयात मुख्यत: कनाडा एवं रूस से हो रहा है जबकि तुर्की, लिथुआनिया, अर्जेन्टीना, बांग्ला देश, स्पेन, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, लारलिया, यूक्रेन तथा अमरीका जैसे देशों से भी इसका थोड़ा-बहुत आयात किया जा रहा है।
एच एस कोड 07131010 वाली पीली मटर का आयात अब 31 अक्टूबर 2024 तक जारी रखने की स्वीकृति दी गई है जबकि पहले 30 जून तक इसकी अवधि नियत की गई थी।
दिसम्बर 2023 से अप्रैल 2024 के बीच देश में कनाडा से सर्वाधिक 7.29 लाख टन तथा रूस से 5.77 लाख टन पीली मटर का आयात होने का अनुमान है।
इसके अलावा तुर्की से 66 हजार टन, यूक्रेन से करीब 45 हजार टन तथा लिथुआनिया से 12 हजार टन मटर मंगाई गई जबकि इसका शेष आयात अन्य देशो से किया गया।
समीक्षाधीन अवधि में कनाडा से दिसम्बर-फरवरी के दौरान 2.43 लाख टन, मार्च 2024 में 3.21 लाख टन तथा अप्रैल में 1.65 लाख टन मटर का आयात हुआ।
इसी तरह रूस से दिसम्बर-फरवरी में 1.62 लाख टन, मार्च में 3.38 लाख टन तथा अप्रैल में 77 हजार टन पीली मटर के आयात का अनुमान है।
प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों में मटर का स्टॉक सीमित रह गया है इसलिए अगस्त 2024 तक इसके आयात की गति धीमी रह सकती है।
उसके बाद नए माल की आवक शुरू होने पर निर्यातक देशों से इसका शिपमेंट बढ़ने लगेगा। दिसम्बर-अक्टूबर में मटर का विशाल आयात हो सकता है।
