थाईलैंड में गन्ना तथा चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान

27-Jan-2025 11:57 AM

बैंकॉक । दक्षिण पूर्व एशिया में अवस्थित देश- थाईलैंड में अच्छी बारिश होने के कारण इस बार गन्ना की बेहतर पैदावार होने के आसार हैं जिससे चीनी के उत्पादन में स्वाभाविक रूप से बढ़ोत्तरी हो जाएगी।

गन्ना एवं चीनी बोर्ड कार्यालय (ओसीएसबी) के उप महानिदेशक के अनुसार 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान थाईलैंड में 2023-24 सीजन के मुकाबले गन्ना की पैदावार 830 लाख टन से बढ़कर 900 लाख टन तथा चीनी का उत्पादन करीब 90 लाख टन से उछलकर 110 लाख टन पर पहुंच जाने की उम्मीद है

जिससे निर्यात योग्य स्टॉक में इजाफा होगा। उल्लेखनीय है कि ब्राजील के बाद थाईलैंड दुनिया में चीनी का दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। 

लेकिन अक्सर थाईलैंड में जले हुए गन्ने की अधिक आवक होने से चीनी मिलों की परेशानी बढ़ जाती है और ज्यादा धुआं तथा धूल निकलने से पर्यावरण को भी नुकसान होता है।

सरकार ने इसकी एक सीमा नियत कर दी है और पिछले सीजन में उदोन थानी की एक चीनी मिल को अधिक मात्रा में इस गन्ना का उपयोग करने के कारण बंद करने का आदेश दिया था। 

2023-24 सीजन के दौरान थाईलैंड में वर्षा कम होने तथा सूखे का माहौल रहने से गन्ना तथा चीनी के उत्पादन में भारी गिरावट आ गई थी लेकिन इस बार हालत काफी अच्छी दिखाई पड़ रही है।

निर्यात मांग कम होने तथा भारत से 10 लाख टन का निर्यात किए जाने की संभावना से 22 जनवरी 2025 को चीनी का वैश्विक बाजार भाव लुढ़क कर 17 सेंट प्रति पौंड रह गया जो वर्ष 2024 की इसी तिथि को 22 सेंट प्रति पौंड पर था।

बोर्ड का कहना है कि कमजोर बाजार भाव के कारण थाईलैंड के मिलर्स को चीनी का उत्पादन सीमित रखना पड़ सकता है।

भारत तथा ऑस्ट्रेलिया से रिफाइंड चीनी का ज्यादा निर्यात होने की उम्मीद है जिससे कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वैश्विक कारोबार एवं भाव प्रभावित होने की आशंका है। थाईलैंड से कच्ची चीनी का ही अधिक निर्यात होता है।