Home News

त्यौहारी मांग बढ़ने से नारियल एवं गरी का भाव मजबूत होने के आसार

19-Sep-2026 03:45 PM

त्यौहारी मांग बढ़ने से नारियल एवं गरी का भाव मजबूत होने के आसार

कोयम्बटूर । त्यौहारी मांग निकलने से साबुत नारियल एवं गरी गोला का भाव आगामी सप्ताहों के दौरान ऊंचा एवं तेज रहने की संभावना है। तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय में कृषि एवं ग्रामीण विकास अध्ययन केन्द्र के घरेलू तथा निर्यात बाजार सतर्कता प्रकोष्ठ की एक विश्लेषण रिपोर्ट में अक्टूबर 2026 के दौरान अन्नामलाई मार्केट में कोपरा (गोला) का भाव बढ़कर 145-150 रुपए प्रति किलो पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है। 

उल्लेखनीय है कि दुर्गा पूजा, नवरात्रि एवं दहशरा के समय नारियल तथा गोला (कोपरा) की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती है। उत्तरी एवं पूर्वी राज्यों में इसकी जबरदस्त मांग रहती है। इसके बाद दीपावली के आसपास भी इसकी जोरदार मांग निकलती है। इतना ही नहीं बल्कि छठ महा पर्व के अवसर पर भी बिहार, उत्तर प्रदेश एवं दिल्ली सहित अन्य क्षेत्रों में नारियल की भारी मांग देखी जाती है। 

उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में नारियल का सबसे बड़ा उत्पादक देश है जो इसके कुल वैश्विक उत्पादन में 30 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार 2024-25 के सीजन में देश के अंदर 139.70 लाख टन नारियल का उत्पादन हुआ जबकि इसका आगामी क्षेत्रफल (उत्पादक क्षेत्र) 21.90 लाख हेक्टेयर रहा था।