तुवर की सरकारी खरीद नियत लक्ष्य से काफी कम होने की संभावना

16-Mar-2026 03:51 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 2025-26 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के लिए राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 22 लाख टन तुवर की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसके तहत कर्नाटक में 9.67 लाख टन एवं महाराष्ट्र में 3.37 लाख टन का लक्ष्य भी शामिल है

लेकिन अनेक क्षेत्रों में थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कुछ ऊंचा होने के कारण सरकारी एजेंसी को इसकी खरीद में सीमित सफलता मिल रही है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वर्तमान मार्केटिंग सीजन में अभी तक करीब 1.80 लाख टन तुवर की खरीद हो चुकी है जबकि मौजूदा हालात को देखते हुए सीजन के अंत तक लगभग 2 लाख टन की अतिरिक्त खरीद हो सकती है। इस तरह पूरे सीजन में तकरीबन 3.80 लाख टन तुवर की सरकारी खरीद होने की उम्मीद है।

इस बार तुवर का एमएसपी बढ़कर 8000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जबकि महाराष्ट्र की अकोला मंडी में इसका भाव 8150-8200 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। म्यांमार एवं अफ्रीकी देशों से तुवर का नियमित आयात जारी है जिससे इसकी अच्छी आपूर्ति हो रही है। 

समझा जाता है कि सरकार के पास लगभग 5.50 लाख टन तुवर का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है। पिछले साल सरकार ने 13 लाख टन तुवर की खरीद का लक्ष्य नियत किया था जबकि वास्तविक खरीद 6 लाख टन से कुछ ज्यादा हुई थी। यदि चालू सीजन में 3.80 लाख टन की खरीद होती है तो भी स्टॉक पोजीशन मजबूत रह सकता है।