तीसरे साउथ एशिया एग्री फोरम का आयोजन 15-16 जनवरी को कोलम्बो में

08-Jan-2025 04:50 PM

मुम्बई (भारती एग्री एप्प)। श्रीलंका की राजधानी कोलम्बो के सांगरी- ला होटल में 15-16 जनवरी 2025 को तीसरे साउथ एशिया एग्री फोरम का आयोजन होने जा रहा है।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि एवं खाद्य क्षेत्र को महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन एवं विस्तृत विचार-विमर्श करने के लिए दक्षिण एशिया एवं अन्य क्षेत्रों के देशों से नेताओं, विशेषज्ञों, व्यवसाय प्रतिनिधियों तथा नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाना है।

चूंकि श्रीलंका का रणनीतिक लोकेशन ऐसा है कि वह पूरब और पश्चिम को जोड़ने वाला माध्यम है इसलिए कार्यक्रम के आयोजन के लिए उसे सबसे उपयुक्त प्लान माना गया। दक्षिण एशियाई देशों में श्रीलंका के साथ-साथ भारत, बांग्ला देश, नेपाल, भूटान एवं पाकिस्तान आदि भी शामिल है। 

इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सब कांटीनेंटल एग्री फाउंडेशन (बीएसएएफ) द्वारा श्रीलंका सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत बनाने, खाद्य सुरक्षा को दृढ़ता प्रदान करने और कृषि व्यापार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस कार्यक्रम की विषय वस्तु (थीम)- 'ग्लोबल साउथ फॉर ग्लोरबल साउथ (जीएस 2) होगी और इसमें खाद्य सुरक्षा में सुधार लाने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा अनाज, चावल, चीनी, दाल-दलहन तथा मसाला आदि में आवश्यक कृषि उत्पादों के क्षेत्र में इंट्रा-रीजनल व्यापार को संवर्धित करने के तौर-तरीकों एवं उपायों का पता लगाया जाएगा। 

इस महत्वपूर्ण एवं उपयोगी कार्यक्रम में दक्षिण एशियाई देशों के साथ-साथ सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, अमरीका एवं कनाडा जैसे देशों के अन्तर्राष्ट्रीय साझीदार भी भाग लेंगे।

कार्यक्रम में सरकारी अधिकारियों, उद्योग-व्यापार क्षेत्र के महारथियों तथा नीति निर्माताओं की उपस्थिति में उच्च स्तरीय बातचीत होगी तथा सरकार से सरकार के स्तर पर रणनीतिक समझौते किए जा सकते हैं। क्षेत्रीय स्तर पर सहयोग- समर्थन बढ़ाना भी इस आयोजन का एक एजेंडा है।