Home News

तमिलनाडु में मक्का का भाव 2700 रुपए तक पहुंचने का अनुमान

29-Oct-2026 10:59 AM

तमिलनाडु में मक्का का भाव 2700 रुपए तक पहुंचने का अनुमान

कोयम्बटूर। सुदूर दक्षिण भारतीय राज्य- तमिलनाडु में मक्का का थोक मंडी भाव बढ़कर 2700 रुपए क्विंटल के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून की भांति उत्तर-पूर्व मानसून की वर्षा भी दक्षिण भारत में सामान्य औसत से कम होने की संभावना व्यक्त की  है। इससे मक्का फसल को नुकसान हो सकता है। 

तमिलनाडु कृषि विश्विद्यालय के घरेलू एवं निर्यात बाजार सतर्कता प्रकोष्ठ (डेमिक) की एक रिपोर्ट के अनुसार राज्य की ऊडुमलपेट मंडी में पिछले 15 वर्षों के दौरान प्रचलित मूल्य अध्ययन- विश्लेषक करने तथा बाजार का सर्वेक्षण-आंकलन करने के बाद जो तथ्य सामने आया है उससे संकेत मिलता है कि आगामी समय के दौरान मक्का का भाव ऊंचा एवं तेज रह सकता है। 

रिपोर्ट के मुताबिक फसल की कटाई-तैयारी आरंभ होने तक मक्का का दाम ऊंचे स्तर पर बरकरार रहेगा लेकिन उसके बाद कीमतों की चाल मुख्यतः बिहार से होने वाली आपूर्ति पर निर्भर रहेगा। रिपोर्ट में उत्पादकों को बाजार की स्थिति के आधार पर अपने मक्का की बिक्री के लिए उपयुक्त निर्णय लेने का सुझाव दिया गया है ताकि उसे अधिक से अधिक लाभप्रद हो सके।

यदि दक्षिणी राज्यों में उत्तर-पूर्व मानसून की वर्षा सामान्य औसत से कम हुई तो मक्का की पैदावार, आपूर्ति, उपलब्धता एवं कीमत पर असर पड़ना निश्चित है। तमिलनाडु में करीब 5.40 लाख हेक्टेयर में  मक्का की खेती होती है और इसका उत्पादन 30-35 लाख टन के बीच होता है। वहां मक्का के प्रमुख उत्पादक जिलों में सलेम, नमक्कल, पेरंबलूर, अरियालूर, विल्लुपुरम और तिरुपुर आदि शामिल है।