तिलहन-तेल मिशन के तहत राज्यों से जोरदार प्रयास करने का आग्रह

07-Jan-2025 03:43 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि एवं विकास कल्याण मंत्री ने सभी राज्यों से नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स - ऑयल पाम (एन एम ई ओ - ओ पी) के अंतर्गत अपने प्रयासों को और भी तेज एवं सघन करने का आग्रह किया है।

इस मिशन का उद्देश्य भारत को खाद्य तेल-तिलहन के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने, विदेशों से आयात पर निर्भरता घटाने तथा भारतीय किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में तेजी से अग्रसर होना है। 

ऑयल पाम का घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए यह मिशन आरंभ किया गया था। इसके तहत वर्ष 2025-26 तक 6.50 लाख हेक्टेयर में ऑयल पाम का व्यावसायिक बागान लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अंतर्गत देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र एवं दक्षिणी राज्यों में बागानों के विकास-विस्तार का विशेष जोर दिया जा रहा है क्योंकि वहां की जलवायु इसके लिए अनुकूल है।

यद्यपि कुछ क्षेत्रों में मिशन को अपने उद्देश्य में अच्छी सफलता मिली है और वहां बागानों के विस्तार में संतोषजनक प्रगति हुई है जबकि कुछ अन्य इलाकों में अभी और प्रयास किए जाने की जरूरत है।

राज्यों को अपने लिए आवंटित कोष (धन राशि) का पूरा उपयोग करना चाहिए और जिन क्षेत्रों में बागानी क्षेत्र के नियत लक्ष्य को प्राप्त करने में देर हो रह है वहां इसकी गति तेज करने की आवश्यकता है। इसके लिए समेकित प्रयास एवं लक्ष्य पर दिन देने की जरूरत है। 

पारदर्शिता एवं सक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने अनेक तहत के प्रयास आरंभ लिए है जिसमें जियो मैपिंग के जरिए डिजीटल मॉनिटरिंग (निगरानी) एवं ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण भी शामिल है।

कृषि मंत्री ने राज्यों से इन उपायों के साथ पूरा सहयोग करने का आग्रह किया है। इसके साथ-साथ उन्होंने ऑयल पाम का दाम उत्पादकों की दृष्टि से आकर्षक या लाभप्रद  स्तर पर बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया है।