तेलंगाना में रबी कालीन धान की सरकारी खरीद 10 लाख टन से ज्यादा
02-May-2026 01:18 PM
हैदराबाद। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख चावल उत्पादक राज्य- तेलंगाना में मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के लिए 90 लाख टन धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 10 लाख टन से अधिक की खरीदारी पूरी हो चुकी है जिसमें 4.50 लाख टन फाइन क्वालिटी का तथा शेष मोटी श्रेणी का धान शामिल है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार धान की खरीद इस बार भी नियत लक्ष्य को हासिल करने की दृष्टि से उचित पटरी पर चल रही है। राज्य सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद के लिए 500.20 करोड़ रुपए जारी किए है जिससे किसानों का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
तेलंगाना में करीब 22.25 लाख हेक्टेयर में धान की खेती होती है और 2025-26 के सम्पूर्ण सीजन में वह इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का उत्पादन बढ़कर 152 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है। सरकार ने रबी सीजन में 30 लाख टन फाइन वैरायटी का तथा 60 लाख टन किस्मों का धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
धान की खरीद के लिए तेलंगाना में 8575 क्रय केन्द्र खोले गए हैं और वहां खाद्य विभाग पूरे जोर शोर से उसकी खरीद में लगा हुआ है। राज्य में पैक्स द्वारा 4350 इंदिरा क्रांति पाथम द्वारा 3563 एवं अन्य एजेंसियों द्वारा 662 क्रय केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। धान की खरीदी गई मात्रा का उठाव नियमित रूप से हो रहा है और किसानों को नियत समय सीमा के अंदर इसके धान की कीमत का भुगतान किया जा रहा है।
