तंजानिया में दलहन-तिलहन की ऑनलाइन व्यापारिक नीलामी का सीजन निर्धारित

14-Jan-2025 03:45 PM

डोडोमा । अफ्रीका महाद्वीप में अवस्थित दलहन-तिलहन के एक महत्वपूर्ण उत्पादक एवं निर्यातक देश- तंजानिया के अनाज एवं अन्य उत्पाद विनियामक प्राधिकरण (कोपरा) ने एक सार्वजनिक सूचना जारी करके 2024-25 के सीजन हेतु देश के सभी क्षेत्रों के लिए दलहनों एवं तिलहनों के मार्केटिंग सीजन की अवधि निर्धारित कर दी है।

कोपरा द्वारा जारी सूचना के अनुसार उन दलहन-तिलहन फसलों की सूची जारी की गई है जिसका कारोबार वेयर हाउस रिसिप्ट (गोदाम रसीद) सिस्टम के अंतर्गत ऑनलाइन व्यापारिक नीलामी के माध्यम से किया जाना है।

इस कदम का उद्देश्य पारदर्शिता को बढ़ावा देकर दलहन-तिलहन के विपणन में इजाफा करना, उचित मूल्य प्रणाली सुनिश्चित करना तथा उत्पादकों और व्यापारियों को फसलों की खरीद एवं बिक्री के लिए एक प्रभावी प्लेटफार्म प्रदान करना है। 

कोपरा की अधिसूचना के अनुसार मूंग का व्यापारिक सीजन जनवरी 2025 से, तिल का अप्रैल 2025 से तथा चना और अरहर (तुवर) का व्यापारिक सीजन जून 2025 से आरंभ होगा जबकि सोयाबीन का मार्केटिंग सीजन मई 2025 से शुरू हो जाएगा। 

कोपरा द्वारा प्रत्येक फसल के व्यापारिक सीजन प्रभावी शुभारम्भ के लिए आगामी समय में घोषणा की जाएगी। इन उत्पादों  में खरीद-बिक्री करने वाले उत्पादकों एवं व्यापारियों को कोपरा द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा। 

उल्लेखनीय है कि भारत में तंजानिया से चना तथा अरहर (तुवर) की अच्छी मात्रा का आयात होता है। जब भारत में देसी चना पर 66 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा हुआ था तब भी तंजानिया से इसे विशेष राहत सुविधा के तहत मंगाया जा रहा था।