Home News
28-Oct-2026 07:58 PM
मेलबोर्न। हालांकि दक्षिण एशिया के देशों में कनाडा से छोटे दाने वाले नेप्पर श्रेणी की मसूर का ज्यादा आयात किया जा रहा है लेकिन इसके असर से ऑस्ट्रेलिया में भी इसका भाव गत माह 50 डॉलर बढ़कर विम्मेरा पैकर्स को डिलीवरी के लिए 590 डॉलर प्रति टन तथा बंदरगाह डिलीवरी के लिए 600 डॉलर प्रति टन हो गया।
साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त एवं मल्ली क्षेत्र में उत्पादक अपनी मसूर की फॉरवर्ड सेलिंग (अग्रिम बिक्री) कर रहे हैं। मल्ली संभाग में अगले सप्ताह से मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने की संभावना है। इस बार दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- साउथ ऑस्ट्रेलिया एवं विक्टोरिया में मसूर का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है
क्योंकि एक तो वहां बिजाई क्षेत्र में अच्छी वृद्धि हुई और दूसरे मौसम एवं वर्षा की हालत अनुकूल रहने से फसल की औसत उपज दर में भी सुधार आने के आसार हैं। अब वहां फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने वाली है इसलिए वर्षा की कोई जरूरत नहीं है। यदि बेमौसमी बारिश हुई तो मसूर के दाने की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है।
साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त की मसूर का कुछ निर्यात अनुबंध हुआ है लेकिन इस नई मसूर का शिपमेंट मध्य नवम्बर के बाद ही संभव हो सकेगा। परिवहन का मुद्दा बना हुआ है और अभी खाली कंटेनर भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं है।