सोयामील का निर्यात 50 प्रतिशत घटने की संभावना
14-Mar-2026 11:30 AM
इंदौर। माल की सीमित उपलब्धता एवं गैर प्रतिस्पर्धी कीमत के कारण 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान भारत से सोयामील के निर्यात में करीब 50 प्रतिशत की जोरदार गिरावट आने की संभावना है।
इंदौर स्थित एक महत्वपूर्ण संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के अनुसार भारत से 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में 20.23 लाख टन सोयामील का शानदार निर्यात हुआ था जो 2025-26 में घटकर 10 लाख टन पर अटक सकता है।
सोपा की रिपोर्ट के अनुसार सोयामील का घरेलू उत्पादन गत सीजन के 89.56 लाख टन से घटकर चालू सीजन में 86.49 लाख टन रह जाने की संभावना है।
इसका पिछला बकाया स्टॉक भी 1.33 लाख टन की तुलना में महज 68 हजार टन मौजूद था जिससे इसकी कुल उपलब्धता 90.91 लाख टन से घटकर 81.17 लाख टन रह जाने का अनुमान है। इसमें से 70 लाख टन सोया मील की घरेलू खपत होगी और 1.17 लाख टन का स्टॉक बच जाएगा।
