Home News

सोयाबीन और सरसों में आगे निकलने की होड़

18-Nov-2026 02:08 PM

सोयाबीन और सरसों में आगे निकलने की होड़

नई दिल्ली। भारत की दो प्रमुख तिलहन फसल-सरसों एवं सोयाबीन की कीमतों में जोरदार तेजी-मजबूती का सिलसिला जारी है और दोनों के दाम में एक-दूसरे से आगे निकलने के लिए जबरदस्त होड़ मची हुई है। व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि दोनों तिलहनों का दाम 10,000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि पहले इस जादुई आंकड़े तक कौन पहुंचता है। 

एक तरफ नैफेड एवं हैफेड जैसी सरकारी एजेंसियों के पास सरसों का पुराना स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है इसलिए वह इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने में सक्षम नहीं है। दूसरी ओर महाराष्ट्र में भयंकर सूखा पड़ने से सोयाबीन की अधिकांश फसल चौपट होने की आशंका है।

अनेक क्षेत्रों में पानी की कमी के कारण फसल इतनी बुरी तरह से बर्बाद हो चुकी है कि उसकी कटाई-तैयारी संभव नहीं हो पाएगी। मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों / स्टॉकिस्टों को जहां से और जिस दाम पर भी सोयाबीन का स्टॉक प्राप्त हो रहा है, वे उसकी खरीद से पीछे नहीं हट रहे हैं। समझा जाता है कि मध्य प्रदेश से सोयाबीन का कुछ स्टॉक महाराष्ट्र पहुंच रहा है क्योंकि वहां भाव ऊंचा चल रहा है। 

बाजार की तेज चाल तथा उत्पादन के परिदृश्य को देखते हुए बड़े-बड़े किसानों तथा स्टॉकिस्टों ने दोनों तिलहनों का स्टॉक रोकना शुरू कर दिया है। इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) का एक हैरतअंगेज आंकड़ा सामने आया है। इसके तहत अक्टूबर 2026 के दौरान देशभर की मंडियों में 20 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई मगर क्रशिंग-प्रोसेसिंग 10 लाख टन की ही हो सकी।

अब सवाल उठता है कि शेष 10 लाख टन सोयाबीन का स्टॉक किसान के हाथ से निकलकर कहां गया ? सरसों एवं सोयाबीन के दाम में तेजी का माहौल आगे भी बरकरार रह सकता है।