Home News

चीनी का वैश्विक बाजार भाव मजबूत रहने की संभावना

18-Nov-2026 04:16 PM

चीनी का वैश्विक बाजार भाव मजबूत रहने की संभावना

मुम्बई। एशियाई देशों में अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव से गन्ना एवं चीनी का उत्पादन घटने की संभावना है जबकि ब्राजील में अगले महीने चीनी के उत्पादन का सीजन औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा।

वैसे जनवरी-मार्च 2027 की तिमाही में भी कुछ प्लांटों में गन्ना की क्रशिंग जारी रह सकती है जबकि अप्रैल 2027 से नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो जाएगा। ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां भी 2025-26 सीजन की तुलना में 2026-27 सीजन के दौरान चीनी का उत्पादन कुछ घटने की संभावना है। 

भारत संसार में चीनी का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं थाईलैंड दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। इन दोनों देशों पर अल नीनो का गहरा असर पड़ रहा है। हालांकि भारत में फिलहाल चीनी के उत्पादन की स्थिति गत वर्ष से बेहतर देखी जा रही है लेकिन आगे का परिदृश्य ज्यादा उत्साहवर्धक नहीं है।

मोटे तौर पर 2026-27 के वर्तमान सीजन में चीनी का घरेलू उत्पादन 2025-26 सीजन के बराबर या उससे कुछ कम होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे आगामी महीनों के दौरान चीनी की मांग एवं आपूर्ति का समीकरण जटिल हो सकता है। 

थाईलैंड में भी चीनी के उत्पादन में 15-20 प्रतिशत तक की गिरावट आने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि थाईलैंड से इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, चीन एवं म्यांमार सहित कुछ अन्य पड़ोसी देशों को भारी मात्रा में चीनी का निर्यात किया जाता है। यदि थाईलैंड में उत्पादन घटा तो इन देशों को ब्राजील अथवा ऑस्ट्रेलिया से चीनी का आयात बढ़ाना पड़ेगा।

इस बीच इंटरनेशनल शुगर ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने 2026-27 सीजन के दौरान विश्व स्तर पर कुल उपयोग के मुकाबले चीनी का उत्पादन कुछ कम होने तथा भाव मजबूत रहने का अनुमान लगाया है।