Home News
18-Nov-2026 02:41 PM
नई दिल्ली। भारत में दलहनों एवं खाद्य तेलों के विशाल आयात का सिलसिला जारी रहने से राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था पर गहरा दबाव पड़ रहा है नीति आयोग ने इस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा है कि दलहनों एवं तिलहनों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक एहतियाई उपाय करना जरुरी है।
भारत में ऑस्ट्रेलिया से चना एवं मसूर, कनाडा से मसूर एवं पीली मटर, रूस से पीली मटर, अफ्रीकी देशों से तुवर, म्यांमार से उड़द एवं तुवर तथा ब्राजील से उड़द का भारी आयात किया जाता है। इसके अलावा कुछ अन्य देशों से भी दलहन मंगाया जाता है।
नीति आयोग का कहना है कि वैश्विक बाजार पर बहुत ज्यादा निर्भरता देश के लिए अच्छा नहीं है क्योंकि यदि किसी कारणवश निर्यातक देशों से आपूर्ति में बाधा पड़ती है अथवा दलहन की कीमतों में तेजी आती है तो इसका सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ना निश्चित है।
दलहनों के उत्पादन में उतार-चढ़ाव आता रहता है मगर इसका घरेलू उपयोग नियमित रूप से बढ़ रहा है। इससे मांग एवं आपूर्ति के बीच गहरा असंतुलन पैदा हो जाता है। दलहनों का सबसे ज्यादा उत्पादन भारत में होता है फिर भी यह सबसे बड़ा आयातक देश बना हुआ है।