सौंठ कीमतों में अधिक तेजी नहीं : उत्पादक केन्द्रों पर रिकॉर्ड बिजाई का अनुमान
03-May-2024 07:50 PM
नई दिल्ली । विगत कुछ सप्ताहों से सौंठ की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि गर्मी का सीजन होने के कारण वर्तमान में सौंठ में व्यापार कम रह गया है लेकिन चालू सीजन के दौरान उत्पादन कम होने के कारण स्टॉकिस्टों के पास स्टॉक की कमी होने से भाव घटाकर बिकवाली नहीं कर रहे हैं।
जिस कारण से कोचीन बाजार में सौंठ के भाव 400/425 रुपए पर स्थिर चल रहे हैं। दिल्ली बाजार में भी भाव 400/425 रुपए का बोला जा रहा। सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष उत्पादन कम रहने के कारण उत्पादकों को उनकी उपज का अधिक मूल्य मिलने के कारण प्रमुख उत्पादक राज्य कर्नाटक में बिजाई का क्षेत्रफल दो-ढाई गुना अधिक होने के समाचार है।
वर्तमान में अदरक सौंठ की बिजाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष मई माह के दौरान उत्पादक केन्द्रों पर सौंठ का भाव 260/280 रुपए प्रति किलो चल रहा था। जोकि वर्तमान में 400/425 रुपए के स्तर पर बोला जा रहा है। केरल में सौंठ की बिजाई मई माह के अंत तक शुरू होने के समाचार हैं।
