सरकारी नीतियों से गेहूं के दाम में नरमी

16-Dec-2023 06:04 PM

नई दिल्ली । सरकार द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना के तहत साप्ताहिक नीलामी में गेहूं का ऑफर 3 लाख टन से बढ़ाकर 4 लाख टन नियत करने एवं स्टॉक सीमा में मात्रा को 50 प्रतिशत घटा दिए जाने से इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की कीमत पर दबाव बढ़ गया और 9-15 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान इसके दाम में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। 
दिल्ली 
दिल्ली में यूपी / राजस्थान के गेहूं का भाव 75 रुपए घटकर 2550/2575 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। हालांकि गुजरात की गोंडा मंडी में गेहूं का दाम 50 रुपए सुधरकर 2900/3450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर राजकोट मंडी में भाव 100 रुपए गिरकर 2300/2800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश में गेहूं की कीमतों में गिरावट रही। यद्यपि बेंचमार्क इंदौर मंडी में गेहूं का दाम 100 रुपए बढ़कर 2340/3200 रुपए प्रति क्विंटल हो गया लेकिन देवास और डबरा मंडी में 50-50 रुपए गिरकर क्रमश: 2450/3150 रुपए प्रति क्विंटल एवं 2500/2700 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। गेहूं का भाव उज्जैन में 2350/3300 रुपए प्रति क्विंटल, हरदा में 2480/2700 रुपए प्रति क्विंटल तथा भोपाल में 2100/3200 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा मगर खंडवा मंडी में 100 रुपए घटकर 2500/2600 रुपए प्रति क्विंटल तथा इटारसी मंडी में 160 रुपए लुढ़ककर 2350/2440 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
राजस्थान 
राजस्थान में भी गेहूं का भाव नरम रहा। हालांकि वहां कोटा मंडी में गेहूं का दाम 2450/2700 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर स्थिर रहा लेकिन बारां एवं बूंदी मंडी में 100-100 रुपए घटकर क्रमश: 2350/2600 रुपए प्रति क्विंटल एवं 2325/2550 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की अधिकांश मंडियों में गेहूं के मूल्य में गिरावट दर्ज की गई। शाहजहांपुर में गेहूं का भाव 89 रुपए घटकर 2351 रुपए प्रति क्विंटल, हरदोई में 40 रुपए फिसलकर 2410 रुपए प्रति क्विंटल, सीतापुर में 75 रुपए घटकर 2450 रुपए प्रति क्विंटल, गोंडा में 10 रुपए फिसलकर 2490 रुपए प्रति क्विंटल, मैनपुरी में 94 रुपए घटकर 2331 रुपए प्रति क्विंटल तथा एटा मंडी में 175 रुपए लुढ़ककर 2350 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।

सिर्फ गोरखपुर मंडी में गेहूं का दाम 2525/2550 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। उधर महाराष्ट्र की जालना मंडी में भी गेहूं का भाव स्थिर देखा गया। 

गेहूं की बिजाई गत वर्ष से काफी पीछे चल रही है और विभिन्न थोक मंडियों में इसकी आवक भी सीमित हो रही है लेकिन सामान्य मांग एवं सरकारी नीति से भाव नरम पड़ गया है।