Home News
20-Nov-2026 02:47 PM
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम द्वारा 18 नवम्बर को आयोजित नीलामी के दौरान मिलर्स / प्रोसेसर्स की भारी खरीद के कारण गेहूं के दाम में औसतन 96 से 260 रुपए प्रति क्विंटल तक की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। थोक मंडियों में गेहूं के दाम में होने वाली वृद्धि के अनुरूप नीलामी मूल्य भी बढ़ गया।
खाद्य निगम ने नीलामी में शामिल होने वाले प्रत्येक भागीदार (बिडर्स) के लिए गेहूं खरीद की मात्रा को बढ़ाकर 500 टन नियत कर दिया है जिससे खरीदारों को अधिक मात्रा में इसकी खरीद का अवसर मिल रहा है। नवीनतम साप्ताहिक नीलामी के दौरान कई राज्यों में मिलर्स / प्रोसेसर्स द्वारा ऊंचे दाम की बोली लगाई गई और भारी मात्रा में गेहूं खरीदा गया।
दिलचस्प तथ्य यह है कि इस नीलामी में पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली जैसे राज्यों में सफल खरीदारों की संख्या घट गई लेकिन गेहूं की सकल आवंटित मात्रा की खरीद हो गई। पहले प्रत्येक बीडर के लिए अधिकतम 300 टन गेहूं खरीद की सीमा निर्धारित की गई थी।
गत सप्ताह के मुकाबले 18 नवम्बर को आयोजित नीलामी के दौरान गेहूं का औसत मूल्य हरियाणा में 2641 रुपए से बढ़कर 2901 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश में 2770 रुपए से बढ़कर 2915 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। मध्य प्रदेश, दिल्ली एवं पंजाब में भी औसत मूल्य काफी बढ़ गया।