Home News

प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक घटना जारी

20-Nov-2026 02:05 PM

प्रमुख बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक घटना जारी

नई दिल्ली। बारिश की कमी से बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घटता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 अक्टूबर से 18 नवम्बर के बीच देश के 60 प्रतिशत से अधिक भागों में वर्षा का अभाव रहा। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 178 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर 113.48 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) रह गया है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 184.762 बीसीएएम का 61.5 प्रतिशत है। पानी का यह स्टॉक गत वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत के मुकाबले 20 प्रतिशत बिंदु कम है। 

हालांकि हाल के दिनों में अर्नब तथा मुरासु नामक दो समुद्री चक्रवाती तूफानों का आगमन हुआ और एक अन्य समुद्री तूफान का निर्माण बंगाल की खाड़ी के ऊपर होने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन फिर भी दक्षिण भारत के बांधों-जलाशयों का जल स्तर तेजी से घटता जा रहा है जिससे किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है। फिलहाल वहां उत्तर-पूर्व मानसून सक्रिय है इसलिए बारिश की उम्मीद बनी हुई है। इन समुद्री तूफानों की वजह से हुई वर्षा का फायदा मुख्यतः उड़ीसा को प्राप्त हुआ। 

आयोग के आंकड़ों के मुताबिक देश के पांच में से तीन संभागों- पश्चिमी, मध्यवर्ती एवं पूर्वी क्षेत्र के बांधों- जलाशयों में कुल भंडारण क्षमता के सापेक्ष 70 प्रतिशत से अधिक पानी का स्टॉक बचा हुआ है जबकि उत्तरी संभाग में जल स्तर घटकर 53 प्रतिशत तथा दक्षिणी प्रायद्वीप में लुढ़ककर 39 प्रतिशत पर आ गया है।

देश का आठ जलाशय पानी से पूरी तरह भरा हुआ है जिसमें से चार झारखंड में अवस्थित है। लेकिन देश के 60 प्रतिशत बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर लगभग आधा रह गया है।