साप्ताहिक समीक्षा- धनिया

21-Mar-2026 07:58 PM

धनिया कीमतों में तेजी मगर व्यापार कम
 
नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान हालांकि उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया के दाम तेजी के साथ  बोले गए मगर बढ़े भावों पर व्यापार कम रहा। अधिकांश मंडियों में दैनिक कुल आवक का व्यापार नहीं हो रहा है। बकाया माल प्रतिदिन मंडियों में शेष बचता है। सूत्रों का कहना है कि लोकल के अलावा निर्यात व्यापार भी कम हो रहा है। उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में धनिया की बिजाई 2.97 लाख हेक्टेयर पर की गई है जबकि गत वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल 3.36 लाख हेक्टेयर का रहा था। मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में बिजाई क्षेत्रफल में क्रमश: 17 एवं 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है जबकि गुजरात में 3 प्रतिशत की कमी आने के अनुमान लगाए गए है। 
जानकारों का कहना है कि बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने एवं प्रतिकूल मौसम के चलते चालू सीजन के दौरान देश में धनिया का उत्पादन 94/95 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं जोकि गत वर्ष की तुलना में लगभग 14/15 लाख बोरी कम है। इसके अलावा बकाया स्टॉक भी गत वर्ष की तुलना में कम माना जा रहा है। चालू सप्ताह के दौरान गुड़ीपड़वा एवं ईद का पर्व होने के कारण अधिकांश मंडियों में सप्ताह के अंतिम तीन दिन में अवकाश रहा। जबकि शुरूआती के दिनों में मंडियों में कारोबार सुचारु रूप से चला। 
गुजरात 
चालू सप्ताह के दौरान गुजरात की गोंडल, राजकोट, जूनागढ़, जाम जोधपुर आदि मंडियों में धनिया की आवक अच्छी रही। लेकिन वायदा में भाव बढ़ने के कारण एवं सूखे मालों की आवक शुरू हो जाने के कारण धनिया के भाव 1840/2280 रुपए प्रति 20 किलो से तेजी के साथ सप्ताह के अंत में 1880/2300 रुपए पर बोले गए। 
राजस्थान 
प्रमुख मंडी रामगंज में तीन दिन अवकाश रहा। जबकि बारां एवं कोटा में व्यापार सुचारु रूप से चला। कमजोर पैदवार के कारण राजस्थान की मंडियों में आवक नहीं बढ़ रही है। कोटा मंडी में आवक 1000/1200 बोरी की हो रही है जबकि बारां में औसतन आवक 1500/2000 बोरी की चल रही। ओर क्वालिटीनुसार ईगल का भाव 9800/10300 रुपए एवं आदमी का 9600/9800 रुपए प्रति क्विंटल पर मजबूती के साथ बोला गया।
मध्य प्रदेश 
चालू सप्ताह के शुरू में मध्य प्रदेश की मंडियों में नए मालों की आवक अच्छी रही। लेकिन नवरात्रे शुरू होने एक पश्चात मंडियों में अंतिम तीन दिन का अवकाश रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुकूल मौसम के चलते प्रमुख मंडी गुणा में नए धनिया की आवक 40/45 हजार बोरी एवं कुम्भराज 35/40 हजार बोरी की होने लगी थी। अशोक नगर में भी आवक 9/10 हजार बोरी की हो रही थी। आवक बढ़ने के बावजूद बाजार मजबूत बने रहे। मध्य प्रदेश की मंडियों में ईगल क्वालिटी का भाव 9800/10300 रुपए एवं बादामी 9600/9900 रुपए पर बोला गया।
मन्दा तेजी 
जानकारों का कहना है कि धनिया की कीमतों में अधिक मन्दा नहीं है लेकिन आगामी सप्ताह में मंडियों खुलने के पश्चात आवक का दबाव बनने पर कीमतों में 2/5 रुपए प्रति किलो का मंदा आ सकता है इससे अधिक मंदे की संभावना नहीं है। सूत्रों का कहना है कि गुजरात का कुल उत्पादन का लगभग 50 प्रतिशत माल मंडियों में आ चुका है। जिस कारण आगामी दिनों में गुजरात की मंडियों में आवक घटने लगेगी। इसके अलावा उत्पादन एवं बकाया स्टॉक गत वर्ष की तुलना में कम रहने के कारण कुल उपलब्धता में कमी आएगी। जिस कारण से 2026 के दौरान धनिया के दाम तेज रहने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे है।
निर्यात 
चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम 9 माह में धनिया निर्यात में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जबकि आय में 13 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर- 2025 में धनिया का निर्यात 47891 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 519.23 करोड़ की रही। गत वर्ष इसी समयावधि में निर्यात 43609 टन का रहा था और प्राप्त आय 458.69 करोड़ की रही थी। वर्ष 2024-25 के दौरान धनिया का कुल निर्यात 60324 टन का रहा था। वर्ष 2023-24 में धनिया का रिकॉर्ड निर्यात 108624 टन का हुआ था।