अच्छी आवक के बावजूद धान में तेजी मगर चावल का भाव नरम
नई दिल्ली। देश की अधिकांश प्रमुख मंडियों में 7-13 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान बासमती धान एवं 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की भारी आवक हुई लेकिन मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं व्यापारियों / निर्यातकों की मांग मजबूत रहने से कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बरकरार रहा। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड एवं अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में नए माल की अच्छी आपूर्ति हो रही है और कीमतों में तेजी- मजबूती के कारण किसानों को बेहतर आमदनी प्राप्त हो रही है।
धान खरीद
हालांकि सामान्य श्रेणी के गैर बासमती धान की आपूर्ति भी बढ़ने लगी है लेकिन इसकी अधिकांश खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की जा रही है। बासमती धान की सरकारी खरीद नहीं होती है क्योंकि उसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित नहीं होता है।
आवक
दिल्ली की नरेला एवं नजफगढ़ मंडी में अलग अलग-अलग 20-25 हजार बोरी धान की आवक हुई और कीमतों में 150 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी देखी गई। पंजाब-हरियाणा की मंडियों में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान धान की आवक अपेक्षाकृत बहुत कम हुई मगर उत्तर प्रदेश की मंडियों में चहल-पहल देखी गई। इसमें एटा, जहांगीराबाद, अलीगढ़ एवं खैर आदि मंडियां शामिल हैं। समीक्षाधीन सप्ताह के शुरुआती तीन दिनों तक अधिकांश मंडियां बंद रही। उत्तर प्रदेश में खासकर 1509 हैण्ड बासमती धान का भाव कुछ तेज रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में बासमती चावल एवं 'ए' ग्रेड के गैर बासमती चावल की मांग तो मजबूत बनी हुई है लेकिन होर्मुज स्ट्रेट का जलमार्ग असुरक्षित होने तथा सामुद्रिक परिवहन खर्च (किराया-भाड़ा) ऊंचा होने से इसके शिपमेंट में कठिनाई हो रही है। दरअसल ईरान तथा अमरीका के बीच तनाव अब भी बहुत ज्यादा है। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर लगातार हमले हो रहे हैं और शिपिंग कंपनियां उस रास्ते से अपना जहाज भेजने से कतराने लगी हैं।
दिल्ली
दिल्ली के नया बाजार में समीक्षाधीन सप्ताह के उत्तरार्द्ध में चावल में थोड़ा बहुत कारोबार हुआ मगर कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी शांत रही जबकि राजस्थान की बूंदी मंडी में चावल के दाम में 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गई।
उत्तराखंड
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल का दाम स्थिर बना रहा क्योंकि दिसावरी व्यापारियों एवं निर्यातकों की मांग कमजोर रही।