साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
14-Mar-2026 08:12 PM
प्लांटों की डिमांड के अनुरूप सोयाबीन में सिमित तेजी-मंदी
नई दिल्ली। देश के तीनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान की प्रमुख मंडियों में सोयाबीन की आपूर्ति सामान्य ढंग से हो रही है और क्रशर्स-प्रोसेसर्स की मांग के अनुरूप इसके दाम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। फरवरी के अंतिम एवं मार्च के प्रथम सप्ताह के दौरान सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में अच्छी तेजी आई थी लेकिन 7-13 मार्च वाले सप्ताह में कीमतों में सीमित तेजी-मंदी देखी गई।
एमएसपी
सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2025-26 के मौजूदा सीजन के लिए 5328 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ है जबकि प्लांट डिलीवरी भाव मध्य प्रदेश में 5450-5550 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र में 5550-5650 रुपए प्रति क्विंटल तथा राजस्थान में 5425-5450 रुपए प्रति क्विंटल बताया जा रहा है।
सोया रिफाइंड
सोयाबीन की कीमतों में आई तेजी के कारण सोया रिफाइंड तेल का दाम भी कुछ सुधर गया। इसमें प्रति 10 किलो पर 55 रुपए तक की बढ़ोत्तरी देखी गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सोया रिफाइंड तेल का भाव कोटा और मुम्बई में 50-50 रुपए बढ़कर क्रमश: 1440 रुपए एवं 1400 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा। इसी तरह इसका दाम कांडला और हल्दिया में 45-45 रुपए बढ़कर क्रमश: 1390 रुपए तथा 1415 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।
आवक
राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन की औसत दैनिक आवक 2 लाख बोरी (100 किलो की प्रत्येक बोरी) के करीब दर्ज की गई।
सोया खल (डीओसी)
लेकिन सोया डीओसी में घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर देखी गई जिससे इसकी कीमतों में आमतौर पर 500 से 1500 रुपए प्रति टन की गिरावट रही। महाराष्ट्र के एक प्लांट में तो इसका भाव 4000 रुपए घटकर 45000 रुपए प्रति टन पर आ गया।
