साप्ताहिक समीक्षा-सरसों

13-Jan-2025 11:13 AM

तेल मिलों की लिवाली से सरसों के दाम में कुछ सुधार 

नई दिल्ली । मंडियों में दैनिक आवक घटकर 2 लाख बोरी से भी नीचे रह जाने तथा क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों की लिवाली जारी रहने से 4-10 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान सरसों के दाम में या तो स्थिरता या 100 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी देखी गई। 
42% कंडीशन सरसों  
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 6400 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर जयपुर में 100 रुपए बढ़कर 6500/6525 रुपए प्रति क्विंटल हो गया सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों की कीमत हरियाणा के हिसार में 200 रुपए की वृद्धि के साथ 5800/6000 रुपए प्रति क्विंटल, उत्तर प्रदेश के हापुड़ में 50 रुपए सुधरकर 6600 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा में 100 रुपए बढ़कर 6700/7200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के साथ-सतह हरियाणा की अन्य मंडियों में भी सरसों के दाम में 50 से 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी-मंदी दर्ज की गई। केन्द्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2023-24 के 5650 रुपए प्रति क्विंटल से 300 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 5950 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है।  
सरसों तेल 
जहां तक सरसों तेल का सवाल है तो इसकी मांग एवं खपत में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है जिससे कीमत में 1 से 3 रुपए  प्रति किलो तक की तेजी रही। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 15 रुपए सुधरकर 1335 रुपए प्रति 10 किलो तथा चरखी दादरी में 30 रुपए बढ़कर 1365 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। अन्य केन्द्रों में भी 10-20 रुपए का सुधार आया। कच्ची घानी सरसों तेल के दाम में 20 से 30 रुपए प्रति 10 किलो की तेजी रही।  
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान सरसों की दैनिक आवक नीचे में 1.45 लाख बोरी से लेकर ऊपर में 2 लाख बोरी के बीच रही जबकि प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। राजस्थान की मंडियों में 60 से 80 हजार बोरी के बीच सरसों की दैनिक आवक हो रही है जबकि मध्य प्रदेश में 15-25 हजार बोरी, उत्तर प्रदेश में 20-25 हजार, हरियाणा में 5 हजार, गुजरात में 10-15 हजार तथा देश के अन्य राज्यों में 35 से 50 हजार बोरी के बीच सरसों की आवक हो रही है। 
सरसों डीओसी 
सरसों डीओसी में अनियमित मांग के कारण कोटा में 200 रुपए प्रति टन की नरमी रही मगर बारां एवं शिवनी में 500-500 रुपए की तेजी दर्ज की गई।