साप्ताहिक समीक्षा-मटर
06-Jun-2026 09:14 PM
मटर बाजार में नरमी, कमजोर मांग से बढ़ा दबाव
कानपुर। ऊंचे भावों पर बिकवाली बढ़ने तथा लिवाली कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिला। खरीदारों की सीमित सक्रियता और दाल मिलों की कमजोर मांग के कारण कीमतों पर लगातार दबाव बना रहा। हाल के दिनों में मटर के भाव बढ़ने के बाद व्यापारियों और स्टॉकिस्टों की बिकवाली बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर खरीदार ऊंचे स्तरों पर खरीदारी से बच रहे हैं, जिससे बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच असंतुलन पैदा हुआ है। चना बाजार में जारी गिरावट का असर भी मटर पर देखने को मिला। चना के कमजोर रुख के चलते दाल मिलों की मटर में खरीदारी घट गई, जिससे बाजार को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया। मांग कमजोर रहने के कारण प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में मटर के भाव नरम बने रहे। बाजार जानकारों का कहना है कि फिलहाल दाल मिलें आवश्यकता के अनुसार ही खरीदारी कर रही हैं। जब तक दालों की मांग में सुधार नहीं होता, तब तक मटर की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि निचले भावों पर मांग निकलने की संभावना से बड़ी गिरावट की आशंका सीमित मानी जा रही है। आयातकों की बढ़ने व लिवाली कमजोर पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी दर्ज की गयी और इस मंदी के साथ भाव सप्ताहंत में मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4025 रुपए रूस 3925 रुपए व हजीरा बंदरगाह पर कनाडा 4050 रुपए व रूस 3950 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। स्टाकिस्टों की बिकवाली बढ़ने से इस साप्ताह कानपुर मटर की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव 4350 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर की कीमतों में भी 50 रुपए प्रति घटकर सप्ताहंत में 3900/4350 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। लिवाली सुस्त पड़ने से राठ मटर में 200 रुपए प्रति क्विंटल घटकर सप्ताहंत में 4050/4300 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। इसी प्रकार मऊरानीपुर मटर में भी 150 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 4000/4175 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। लिवाली शांत बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और सप्ताहंत में भाव सप्ताहंत में बीना 3800/4200 रुपए व दमोह 3800/4150 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
कनाडा
कनाडा में मटर का निर्यात संतोषजनक बना हुआ है, वहीं चीन की सीमित खरीदारी के बावजूद वैश्विक मटर बाजार में भाव स्थिर बने हुए हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कनाडा और यूरोप के कुछ प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम फसलों के लिए चुनौती बन रहा है। यूरोप में बढ़ते तापमान का असर मटर की उपज और गुणवत्ता पर पड़ सकता है, जिससे वहां दलहनों के आयात में वृद्धि होने की संभावना है। भारत के संदर्भ में व्यापारिक हलकों का मानना है कि यदि कमजोर मानसून के कारण खरीफ दलहन फसलें, विशेषकर तुवर और उड़द प्रभावित होती हैं, तो आगामी सीजन में दलहनों के आयात की जरूरत बढ़ सकती है। फिलहाल वैश्विक बाजार की नजर मौसम और उत्पादन संभावनाओं पर बनी हुई है।
मटर दाल
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4550/4650 रुपए व इंदौर 4750/4850 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
