साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

14-Mar-2026 08:20 PM

सामान्य कारोबार के बीच मूंगफली के दाम में उतार-चढ़ाव 

नई दिल्ली। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में खरीफ कालीन मूंगफली की सामान्य आपूर्ति हो रही है जबकि मांग एवं उठाव के अनुरूप इसकी कीमतों में तेजी-मंदी देखी जा रही है। 
आवक 
9-13 मार्च वाले सप्ताह के दौरान गुजरात की राजकोट मंडी में रोजाना 5 से 10 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई लेकिन कीमत 6000/9000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रही। राजस्थान के बीकानेर में भी भाव 7300 रुपए पर बरकरार रहा लेकिन महाराष्ट्र के सोलापुर में यह 600 रुपए घटकर 9500 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश में मूंगफली के दाम में झांसी में 200 रुपए तथा मऊरानीपुर में 300 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर किया गया लेकिन महोबा में भाव 200 रुपए घटकर 6500/6800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में कमजोर कारोबार के कारण सोलापुर एवं नागपुर में कीमत 500 से 1300 रुपए प्रति क्विंटल तक नरम पड़ गई। इसमें ऊंचे दाम पर मिलर्स एवं निर्यातकों की मांग कमजोर देखी गई। माल की उपलब्धता की स्थिति अच्छी रही। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल में थोड़ा-बहुत कारोबार हुआ जिससे कीमतों में 20-25 रुपए प्रति 10 किलो की मजबूती देखी गई। मुम्बई में भाव 60 रुपए उछलकर 1720 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। 
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का दाम 100 रुपए की वृद्धि के साथ 2800 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर पहुंच गया। इसी तरह जयपुर / नेवाई में फिल्टर मूंगफली तेल के दाम में 50-100 रुपए प्रति 10 किलो की तेजी रही।