साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

13-Jan-2025 10:21 AM

सामान्य आवक एवं सीमित कारोबार से मूंगफली में उतार-चढ़ाव  

नई दिल्ली । गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक एवं महाराष्ट्र जैसे राज्यों की मंडियों में नई-पुरानी मूंगफली की सामान्य आवक हो रही है मगर व्यापारियों एवं क्रशर्स-प्रोसेसर्स की सीमित मांग के कारण इसके दाम में 4-10 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान कुछ उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया वैसे भी मूंगफली का थोक मंडी भाव सरकारी समर्थन मूल्य 6783 रुपए प्रति क्विंटल से काफी नीचे चल रहा है। 
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गुजरात के गोंडल में 6 जनवरी को 24 हजार बोरी, राजकोट में 10 हजार बोरी तथा जूनागढ़ में  5 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई जबकि इसकी मात्रा उत्तर प्रदेश के झांसी में 22,500 बोरी और महोबा में 7500 बोरी दर्ज की गई। मऊरानीपुर में 10-15 हजार बोरी मूंगफली की दैनिक आवक हो रही है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान जूनागढ़, जयपुर एवं सोलापुर में मूंगफली का भाव 200-200 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा लेकिन मऊरानीपुर में 100 रुपए सुधर गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली दाने में अच्छा कारोबार होने से कीमतों में आमतौर पर 300 से 800 रुपए प्रति क्विंटल तक का उछाल आया लेकिन सोलापुर में 60/70 काउंट वाले मूंगफली दाने का दाम 700 रुपए लुढ़ककर 9200 रुपए (+ जीएसटी) पर आ गया।
मूंगफली तेल 
मूंगफली तेल (लूज) में मांग कमजोर देखी गई जिससे कीमतों में 10 से 50 रुपए प्रति 10 किलो तक की गिरावट रही लेकिन ब्रांडेड तेल का भाव स्थिर रहा और फिल्टर्ड तेल में 3 से 5 रुपए प्रति लीटर की नरमी रही। मूंगफली ऑयल केक में सीमित कारोबार के कारण स्थिरता दर्ज की गई।