साप्ताहिक समीक्षा- हल्दी
14-Mar-2026 07:59 PM
हल्दी में व्यापार कम : भावों में अभी तेजी नहीं
नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान हल्दी बाजार में कोई विशेष व्यापार नहीं रहा। क्योंकि निर्यातकों के अलावा लोकल व्यापार भी सीमित रहा। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक अच्छी चल रही है। हालांकि चालू सीजन के दौरान देश में हल्दी का उत्पादन अधिक होने के समाचार है लेकिन बकाया स्टॉक कम होने के कारण कुल उपलब्धता में कमी आएगी। मिडिल ईस्ट देशों में फैली अशक्ति के चलते अभी हाल-फिलहाल निर्यात मांग में बढ़ोत्तरी के आसार भी नहीं है। जिस कारण से अभी बाजार दबे रहेगे।
तमिलनाडु
प्रमुख मंडी इरोड में नए हल्दी की आवक 6/7 हजार बोरी की चल रही है। और फली का भाव क्वालिटीनुसार 120/150 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है जबकि गट्ठा का भाव 110/134 रुपए बोला जा रहा है लेकिन वर्तमान भावों पर व्यापार कम है।
तेलंगाना
निजामाबाद मंडी में नई हल्दी की आवक जोरों पर है और साप्ताहिक आवक 1/1.20 लाख बोरी की हो रही है। गट्ठा का भाव 110/122 रुपए एवं फिंगर का भाव 120/145 रुपए पर मजबूती के साथ बोला जा रहा है। जबकि वारंगल मंडी में अभी नए मालों का श्री गणेश हुआ है और 100/150 बोरी की आवक हो रही है सिंगल पॉलिश गट्ठा का भाव 115 रुपए एवं डबल पॉलिश का भाव 122 रुपए चल रहा है।
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश की प्रमुख मंडी दुग्गीराला में नए मालों की आवक चालू सप्ताह के अंत तक शुरू हो जाने के समाचार है। वर्तमान में मंडी में पुराने मालों की आवक 400/500 बोरी की हो रही है और क्वालिटीनुसार भाव 110/120 रुपए बोला जा रहा है।
महाराष्ट्र
प्रमुख उत्पादक राज्य महाराष्ट्र की सांगली मंडी में हल्दी की आवक अच्छी चल रही है जबकि मराठवाड़ा लाइन पर आवक धीरे-धीरे बढ़ रही है। सूत्रों का कहना है कि मराठवाड़ा लाइन पर नई हल्दी की आवक का दबाव अप्रैल माह में बनेगा। वर्तमान में सांगली मंडी में नई हल्दी की आवक 18/20 हजार बोरी की चल रही और गट्ठा का भाव क्वालिटीनुसार 145/170 रुपए एवं राजपुरी का भाव 175/230 रुपए प्रति किलो बोला बोला जा रहा है। हिंगोली मंडी में नए मालों की आवक बढ़कर 4/4.5 हजार बोरी की होने लगी है जबकि नांदेड में आवक 1000/1200 बोरी एवं बसमत में 800/1000 बोरी की हो रही है। मराठवाड़ा की मंडियों में गट्ठा का भाव 125/135 रुपए एवं फिंगर का भाव 130/145 रुपए बोला जा रहा है।
मन्दा-तेजी
जानकारों का कहना है कि अभी हाल-फिलहाल हल्दी की कीमतों में अधिक तेजी की संभावना नहीं है। निर्यात मांग बढ़ने पर कीमतों में तेजी संभव है। व्यापारियों का मानना है कि मिडिल ईस्ट देशों में शांति होने के पश्चात हल्दी निर्यात की मांग बढ़ेगी। उस स्थिति में भावों में अच्छी तेजी आने की संभावना है। वर्तमान में दिल्ली बाजार में हल्दी गट्ठा का भाव 140/143 रुपए बोला जा रहा है। जोकि जनवरी माह में 160/162 रुपए बोला गया था।
निर्यात
चालू सीजन के प्रथम नौ माह में हल्दी का निर्यात 4 प्रतिशत एवं आय में 1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर 2025 में हल्दी का निर्यात 142386 टन का हुआ है और निर्यात से प्राप्त आय 2251.64 करोड़ की रही। जबकि गत वर्ष इसी समयावधि में निर्यात 136921 टन का रहा था और प्राप्त आय 2234.58 करोड़ की रही थी।
