साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं

21-Mar-2026 07:09 PM

साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं 

सामान्य कारोबार के साथ गेहूं के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की कुछ मंडियों में नए गेहूं की आवक बढ़ने लगी है जबकि दिल्ली सहित अन्य प्रांतों में इसकी सीमित आपूर्ति हो रही है। कहीं-कहीं सरकारी खरीद भी शुरू हो गई है। फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं व्यापारी / स्टॉकिस्ट गेहूं बाजार पर गहरी नजर रखे हुए हैं और जोरदार आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं। इसके फलस्वरूप 14-20 मार्च वाले सप्ताह के दौरान गेहूं में कारोबार सामान्य हुआ और इसकी कीमतों में भी सीमित तेजी-मंदी देखी गई। 
दिल्ली 
गेहूं का भाव दिल्ली में 2585/2630 रुपए प्रति क्विंटल, राजकोट में 2000/2500 रुपए, देवास में 2400/2900 रुपए, उज्जैन में 2250/2900 रुपए, बूंदी में 2200/2350 रुपए तथा गोरखपुर में 2460 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर ही स्थिर रहा। 
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गेहूं की औसत दैनिक आवक 4000 से 8000 बोरी के बीच हुई। राजकोट में 17 मार्च को 15 हजार बोरी गेहूं पहुंचा। उज्जैन मंडी में 8000 से 20,000 बोरी के बीच गेहूं की आपूर्ति हुई। 
राजस्थान  
राजस्थान की कोटा एवं बूंदी मंडी में भी गेहूं की भारी आवक होने लगी है। कोटा में भाव 100 रुपए तेज होकर 2200/2600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर बारां मंडी में 100 रुपए गिरकर 2180/2500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
उत्तर प्रदेश  
उत्तर प्रदेश की मंडियों में गेहूं का भाव आमतौर पर कुछ मजबूत रहा मगर गोंडा में 50 रुपए गिरकर 2350 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। देश की अधिकांश प्रमुख उत्पादक मंडियों में गेहूं की कीमत घटकर सरकारी समर्थन मूल्य से नीचे आ गई है।