साप्ताहिक समीक्षा-चीनी

11-Apr-2026 07:28 PM

कमजोर मांग से चीनी में नरमी वाली स्थिरता 

नई दिल्ली। देश के विभिन्न भागों में मौसम ठंडा रहने से 4-10 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान चीनी की औद्योगिक एवं सामान्य घरेलू मांग कमजोर रही। इसके फलस्वरूप कीमतों में नरमी या स्थिरता देखी गई। चीनी के उत्पादन का सीजन बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शीघ्र ही समाप्त हो सकता है। चीनी का घरेलू उत्पादन पिछले सीजन से तो अधिक हुआ है लेकिन इसमें उतनी जबरदस्त बढ़ोत्तरी नहीं हुई है जिसका पहले अनुमान लगाया जा रहा था।
मिल डिलीवरी भाव  
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं पंजाब में 20-20 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई जबकि मध्य प्रदेश में भी भाव 5 रुपए नरम रहा। दूसरी ओर इसका भाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 रुपए एवं बिहार में 30 रुपए बढ़ गया। गुजरात की मिलों में 10 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गई। 
हाजिर बाजार 
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 4300/4400 रुपए प्रति क्विंटल, इंदौर में 4100/4250 रुपए तथा कोलकाता में 4150/4300 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर रायपुर में 15-20 रुपए गिरकर 4050/4150 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
मुम्बई / महाराष्ट्र 
मुम्बई (वाशी) मार्केट में चीनी का दाम 3870/4070 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर ही बरकरार रहा और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 3820/4020 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। लेकिन महाराष्ट्र में चीनी का टेंडर मूल्य 35 रुपए तक बढ़कर 3700/3900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। कर्नाटक में भी इसमें 15-20 रुपए का सुधार दर्ज किया गया। इन दोनों राज्यों में गन्ना की क्रशिंग बंद हो चुकी हैं मगर चीनी का उत्पादन बेहतर हुआ है।