साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
21-Mar-2026 07:02 PM
कमजोर कारोबार के कारण चीनी का भाव नरम
नई दिल्ली। हालांकि मार्च माह के लिए घोषित 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा इतना बड़ा नहीं है कि मिलों एवं बाजार पर उसका ज्यादा असर पड़े लेकिन कुछ अन्य कारणों से चीनी के दाम पर दबाव बना हुआ है। 14 से 20 मार्च वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य तथा हाजिर बाजार भाव में 10-20 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही।
मिल डिलीवरी मूल्य
चीनी का मिल डिलीवरी मूल्य पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 रुपए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 रुपए तथा पंजाब में 20 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा जबकि मध्य प्रदेश में 5 रुपए एवं बिहार में 80 रुपए प[रत प्रति क्विंटल बढ़ गया। गुजरात में 10-20 रुपए की नरमी रही।
हाजिर भाव
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 4300/4450 रुपए तथा इंदौर में 4100/4200 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा और रायपुर में 40 रुपए बढ़कर 4070/4150 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया लेकिन कोलकाता में 80 रुपए तक घटकर 4150/4300 रुपए प्रति क्विंटल एवं मुम्बई (वाशी) में 20 रुपए गिरकर 3830/4030 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 20 रुपए नरम रहा।
उत्पादन
चीनी का उत्पादन पिछले सीजन से आगे चल रहा है मगर इसके कुल उत्पादन में पूर्व अनुमान से कम वृद्धि होने की संभावना है। निर्यात प्रदर्शन भी उत्साहवर्धक नहीं है। अधिकांश चीनी मिलें बंद हो चुकी हैं।
