साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
14-Mar-2026 08:27 PM
सीमित कारोबार के साथ चीनी के दाम में नरमी या स्थिरता
नई दिल्ली। पिछले सप्ताह चीनी बाजार में कहीं कोई खास हलचल नहीं देखी गई और कारोबार भी सामान्य से कम हुआ। इसके फलस्वरूप कीमतों में नरमी वाली स्थिरता देखी गई। मार्च के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा बाजार पर भारी पड़ रहा है। पर्व-त्यौहार एवं लग्नसरा का सीजन समाप्त हो गया है। मौसम में धीरे-धीरे गर्माहट आ रही है मगर चीनी की औधोगिक मांग सीमित बनी हुई है।
मिल डिलीवरी भाव
7 से 13 मार्च वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए, बिहार में 70 रुपए तथा गुजरात में 15-30 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब एवं मध्य प्रदेश में भाव पुराने स्तर पर ही स्थिर रहा।
हाजिर भाव
इसी तरह चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 30 रुपए गिरकर 4300/4450 रुपए प्रति क्विंटल तथा कोलकाता में 40-50 रुपए घटकर 4170/4300 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
मुम्बई / एमपी
रायपुर में यह 4050/4150 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुम्बई (काशी) में 3850/4050 रुपए प्रति क्विंटल पर बरकरार रहा। केवल इंदौर में चीनी का हाजिर भाव 20 रुपए सुधरकर 4100/4200 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
पोर्ट डिलीवरी भाव
चीनी का नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा जबकि महाराष्ट्र में टेंडर मूल्य 40-50 रुपए घटकर 3690/3810 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में 50 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। ईरान-अमरीका युद्ध के कारण भारत से चीनी का निर्यात प्रभावित हो रहा है।
