सीमित उतार-चढ़ाव के बीच ऑस्ट्रेलिया में मसूर का भाव कुछ नरम
15-Dec-2023 08:17 PM
ब्रिसबेन । ऑस्ट्रेलिया में मसूर का पोर्ट डिलीवरी भाव पिछले महीने के मुकाबले 20-30 डॉलर घटकर अब 910-930 डॉलर प्रति टन पर आ गया है।
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में हाल की बेमौसमी वर्षा शुरू होने से पूर्व मसूर की अधिकांश फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी थी और आमतौर पर उसकी क्वालिटी भी अच्छी रही।
साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में फसल की कटाई पूरी होने के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ मगर कहीं-कहीं पिछैती बिजाई वाली फसल इसकी चपेट में आ गई जिसे कुछ नुकसान हो सकता है सकता है।
सरकारी एजेंसी अबारेस ने 2023-24 के वर्तमान सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में 13.90 लाख टन मसूर के उत्पादन का उत्पादन लगाया है जो सितम्बर में लगाए गए अनुमान 12.30 लाख टन से 1.60 लाख टन ज्यादा है।
समझा जाता है कि कुल उत्पादन के लगभग एक-तिहाई मसूर का स्टॉक अब तक उत्पादकों द्वारा बेचा जा चुका है जबकि शेष दो-तिहाई मसूर का स्टॉक अभी उसके पास मौजूद है।
ऑस्ट्रेलिया से लगभग 60 प्रतिशत मसूर का निर्यात अकेले भारत को हो रहा है जबकि आगामी समय में इसका स्तर और भी ऊंचा होने की उम्मीद है क्योंकि दक्षिण एशिया के अन्य आयातक देशों में अमरीकी डॉलर का अभाव होने से मसूर का आयात कमजोर पड़ सकता है। भारत में मसूर की मांग मजबूत बनी हुई है।
हालांकि कनाडा से भी मसूर का निर्यात हो रहा है लेकिन कुछ विशेष कारणों से भारतीय आयातक ऑस्ट्रेलियाई मसूर की खरीद को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की मसूर अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर उपलब्ध है।
यद्यपि भारत में मसूर की मांग अभी थोड़ी कमजोर हुई है लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि ऑस्ट्रेलियाई मसूर के दाम में भारी गिरावट आएगी।
ऑस्ट्रेलिया के उत्पादकों ने वर्षा के बाद मसूर की बिक्री की गति कुछ धीमी कर दी है जिससे आपूर्ति का दबाव घट गया है। उधर भारत में मसूर की बिजाई चल रही है और आयातक अंतिम क्षेत्रफल के आंकड़े का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद कारोबार की रणनीति बन सकती है।
