सीमित कारोबार से कनाडा में मसूर का भाव नरम
26-Jun-2026 11:29 AM
रेगिना। फसल की अच्छी प्रगति, तापमान में वृद्धि तथा कमजोर मांग के कारण कनाडा में मसूर की कीमतों में नरमी का माहौल बना हुआ है।
जुलाई-अगस्त मूवमेंट के लिए मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य गिरकर 22-23 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है। इसके बावजूद अनेक खरीदार मसूर की लिवाली में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
मसूर की अगली नई फसल अगस्त-सितम्बर में तैयार होकर मंडियों में आने वाली है और खरीदारों का ध्यान उस पर केन्द्रित हो गया है। मोटी हरी मसूर की अगली फसल का अनुबन्ध मूल्य 23 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। छोटी हरी मसूर का बाजार बिल्कुल शांत बना हुआ है।
लाल मसूर में थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है जिससे इसका दाम 23-24 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है जो मोटी हरी मसूर से कुछ ऊंचा है। मसूर की बिजाई अच्छी हुई है और फसल की हालत भी संतोषजनक बताई जा रही है। ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
