सामान्य कारोबार के बीच कनाडा में मटर का भाव स्थिर
26-Mar-2026 07:51 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सामान्य कारोबार के साथ मटर का भाव लगभग स्थिर है। खाड़ी संकट एवं ऊंचे शिपिंग खर्च के कारण कई देशों में इसका निर्यात प्रभावित हो रहा है।
पीली मटर का प्लांट डिलीवरी मूल्य लम्बे समय से 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बरकरार है जबकि ग्लाइफोसेट रसायन से मुक्त माल का दाम इससे कुछ ऊपर बताया जा रहा है। आगामी नई फसल के लिए इसका भाव 7.00-8.00 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है जो एफओबी फार्म पर आधारित है। इसकी बिजाई अगले महीने से आरंभ होने वाली है।
हरी मटर में कारोबार कुछ कमजोर चल रहा है जिससे इसका दाम थोड़ा गिरकर 10 डॉलर प्रति बुशेल रह गया है। उत्तरी सस्कैचवान में अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 9.40 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है। मापले मटर में सीमित खरीद-बिक्री हो रही है।
कनाडा में मटर का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है जबकि इसके निर्यात शिपमेंट की गति धीमी पड़ गई है। चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त- 2025- जुलाई- 2026) के अंत में वहां मटर का विशाल बकाया स्टॉक उपलब्ध रह सकता है जिससे कीमतों पर दबाव जारी रहने की संभावना है।
