सामान्य कारोबार के बीच कनाडा में मटर का भाव स्थिर
19-Mar-2026 01:33 PM
रेगिना। पिछले दो-तीन सप्ताहों से कनाडा की मंडियों में सामान्य काम-काज के साथ मटर का भाव एक निश्चित सीमा में स्थिर बना हुआ है और इसमें ज्यादा तेजी-मंदी नहीं देखी जा रही है पीली मटर का डिलीवरी मूल्य 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है लेकिन इस मूल्य स्तर पर मांग सीमित देखी जा रही है। आगामी नई फसल के लिए पीली मटर का दाम 7.00-8.00 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कनाडा में अगले महीने (अप्रैल) से मटर की बिजाई शुरू होगी जबकि अगस्त में फसल की कटाई आरम्भ हो जाएगी।
जहां तक हरी मटर की बात है तो चालू सप्ताह के दौरान इसकी मांग कुछ कमजोर देखी जा रही है लेकिन फिर भी अच्छी क्वालिटी की नंबर 2 ग्रेड वाली हरी मटर का भाव एफ ओ बी फार्म आधार पर 10 डॉलर प्रति बुशेल के आस-पास बना हुआ है। इसकी आगामी फसल का दाम 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है।
माप के मटर में कारोबारी गतिविधियां कमजोर है। ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया एवं खाड़ी क्षेत्र के देशो में कनाडा से मटर का निर्यात प्रभावित हो रहा है चीन में अभी तक कनाडाई मटर की जोरदार मांग नहीं निकल रही है जबकि निर्यातक इसका इंतजार कर रहे है।
