सभी प्रमुख दलहनों का आयात मार्च 2025 तक शुल्क मुक्त रखना आवश्यक

27-May-2024 06:26 PM

नई दिल्ली । भारत में 2023-24 का वर्ष कृषि क्षेत्र और घटाकर दलहन उत्पादन की दृष्टि से बहुत अच्छा नहीं रहा। खरीफ सीजन में तीनों प्रमुख दलहनों- अरहर (तुवर), उड़द एवं मूंग के उत्पादन में गिरावट आ गई।

इसके बाद रबी सीजन के सबसे प्रमुख दलहन- चना की पैदावार भी कम हुई। इसके फलस्वरूप दलहनों की कीमतों में काफी तेजी रही।

हालांकि घरेलू प्रभाग में दलहनों की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार ने तुवर, उड़द एवं मसूर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा को 31 मार्च 2025 तक के लिए बढ़ा दिया है लेकिन पीली मटर एवं देसी चना के शुल्क मुक्त आयात की अवधि 31 अक्टूबर 2024 तक ही बढ़ाई है। मूंग के आयत पर दो साल से प्रतिबंध लगा हुआ है। 

उत्पादन में गिरावट आने, विदेशों से अपेक्षित मात्रा में आयात नहीं होने तथा मांग एवं खपत का स्तर ऊंचा रहने से खास तुवर, उड़द एवं चना और इसकी दली दाल का भाव तेज हो गया।

चना दाल का खुदरा भाव बढ़कर 85 रुपए प्रति किलो और तुवर दाल का दाम उछलकर 160 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान अवधि में यह खुदरा मूल्य क्रमश: 70 रुपए किलो एवं 120 रुपए किलो दर्ज किया गया था। 

इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की स्थिति अनुकूल रहने की संभावना है जबकि बाजार भाव ऊंचा एवं तेज चल रहा है। इसके फलस्वरूप खरीफ दलहन फसलों के बिजाई रोग एवं उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।

इससे घरेलू प्रभाग में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति आसान रह सकती है। लेकिन खरीफ कालीन तुवर एवं मूंग के नए माल की आवक अक्टूबर-नवम्बर में तथा तुवर की आवक दिसम्बर- जनवरी में शुरू होगी। इसके लिए सरकार पहले ही 31 मार्च 2025 तक शुल्क मुक्त आयात की घोषणा कर चुकी है। 

जहां तक रबी कालीन दलहनों- चना, मसूर एवं मटर का सवाल है तो इसकी नई घरेलू फसल की बिजाई अक्टूबर-नवम्बर में तथा कटाई-तैयारी अगले साल मार्च-अप्रैल में होगी।

अभी अक्टूबर 2024 तक इसके शुल्क मुक्त आयात की स्वीकृति इसलिए दी गई है ताकि आगामी रबी सीजन में इसकी बिजाई को लेकर किसानों में कोई दुविधा न रहे।

लेकिन स्टॉक इतना कम है कि कीमतों में ज्यादा नरमी आना मुश्किल लगता है। ऑस्ट्रेलिया में चना के नए माल की आवक अक्टूबर-नवम्बर में होगी जबकि तब तक शुल्क मुक्त आयात की अवधि समाप्त हो जाएगी।