रैयत भरोसा स्कीम के तहत तेलंगाना के किसानों को मिलेगा आर्थिक अनुदान

06-Jan-2025 12:10 PM

हैदराबाद । तेलंगाना में अब रैयत (रायतू) भरोसा स्कीम के अंतर्गत किसानों को 12,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से वार्षिक अनुदान प्राप्त होगा क्योंकि राज्य सरकार ने इस स्कीम के तहत नकद लाभ में 2000 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है।

इसी तरह भूमिहीन खेतिहर मजदूरों के परिवारों को भी इतनी ही धनराशि का वार्षिक अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एक नई योजना- इंदिराअम्मा आत्मीय भरोसा स्कीम आरंभ की गई है।

राज्य मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण मीटिंग में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं है उन्हें नया राशन कार्ड दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार इस नए वर्ष (2025 में किसानों के लिए भी सहायता जारी की जाएगी ताकि नया साल उसके लिए बेहतर साबित हो सके।

सरकार कृषक समुदाय की मदद के लिए तैयार है। कृषि कार्य के लिए उपयुक्त समस्त जमीन को 'रायतू भरोसा' स्कीम के तहत शामिल किया गया है और उसके मालिकों को प्रति वर्ष 12,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से आर्थिक अनुदान देने का फैसला किया गया है।

इसी तरह सभी भूमिहीन किसानों को भी 12,000 रुपए वार्षिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इन दोनों योजनाओं की शुरुआत 26 जनवरी 2025 से होगी। 

रायतू भरोसा स्कीम के अंतर्गत पहले किसानों को 10,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से आर्थिक मदद दी जाती थी जिसे बढ़ाकर अब 12,000 रुपए कर दिया गया है।

भारतीय संविधान के प्रभावी होने के 75 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में किसानों एवं खेतिहर मजदूरों को यह शानदार तोहफा देने का निर्णय लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि तेलंगाना धान, कपास,  हल्दी एवं लालमिर्च के अग्रणी उत्पादक राज्यों में शामिल है जबकि वहां मक्का, दलहन एवं तिलहन फसलों की भी अच्छी खेती होती है।